Bihar Drug Raid: बिहार के 17 जिलों में दवा दुकानों पर छापेमारी, 164 तरह की संदिग्ध दवाएं जब्त

Bihar Drug Raid: पटना में औषधि नियंत्रण विभाग ने दवाओं के अवैध कारोबार और नियमों की अनदेखी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ...

दवा दुकानों पर छापेमारी- फोटो : X

Bihar Drug Raid: पटना में औषधि नियंत्रण विभाग ने दवाओं के अवैध कारोबार और नियमों की अनदेखी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने राज्य के 17 जिलों में एक साथ अभियान चलाकर 22 दवा दुकानों और प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस दौरान दो दुकानें बिना लाइसेंस के संचालित होती मिलीं। जांच टीम ने कुल 164 प्रकार की संदिग्ध दवाएं जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान दवाओं की खरीद-बिक्री में गड़बड़ी, जरूरी दस्तावेजों की कमी और एक्सपायरी दवाओं के रखरखाव में लापरवाही जैसे मामले सामने आए हैं।

राजधानी पटना के चार दवा प्रतिष्ठान भी विभाग की जांच के घेरे में आए। जीएम रोड स्थित बद्री फार्मा में 11 ऐसी दवाएं मिलीं, जिनकी मंजूरी से संबंधित कागजात संचालक प्रस्तुत नहीं कर सके। चार दवाओं के खरीद बिल और 14 के बिक्री बिल भी उपलब्ध नहीं थे। टीम ने एक संदिग्ध दवा चिह्नित कर दो दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे।

इसी इलाके की सरस्वती फार्मा में बिक्री बिलों की कार्बन प्रतियां नहीं मिलीं। 15 दवाओं के बिक्री बिल भी पेश नहीं किए गए। यहां एक्सपायरी दवाएं निर्धारित नियमों के मुताबिक अलग नहीं रखी गई थीं। पशुओं की दवाएं भी सामान्य दवाओं के साथ रखी मिलीं। टीम ने तीन दवाओं के नमूने लिए।

मां भवानी ड्रग हाउस में एक्सपायरी दवाएं बरामद हुईं। संचालक एविल टैबलेट की बिक्री का हिसाब नहीं दिखा सके। इसके अलावा 18 दवाओं के खरीद बिल गायब मिले। गलत लेबल वाली एक दवा जब्त की गई और दो के नमूने लिए गए।

जैन सदन के सामने मंजू विला स्थित दुकान में भी खरीद-बिक्री के दस्तावेजों में गंभीर अनियमितताएं मिलीं। संदेह के आधार पर चार प्रकार की दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए। विभाग की कार्रवाई से दवा कारोबारियों में हड़कंप है।