बिहार एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, दो कुख्यात अपराधी अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार, हथियार-कारतूस बरामद
बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और वैशाली जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वैशाली के महुआ थाना क्षेत्र से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
Bihar News : वैशाली जिले में बिहार एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो कुख्यात अपराधियों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अपराधियों पर हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से हथियार, कारतूस, बाइक और मोबाइल बरामद किए हैं।
बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और वैशाली जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वैशाली के महुआ थाना क्षेत्र से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मनीष कुमार, पिता महेंद्र राय, निवासी सुसता थाना कच्ची पक्की, जिला मुजफ्फरपुर और कुंदन कुमार, पिता सिकंदर राय, निवासी शुगरी डीह, चक शंभू, जिला सीतामढ़ी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक दोनों अपराधियों को अवैध आग्नेयास्त्र के साथ गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से एक 7 एमएम पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
बताया गया है कि 1 सितंबर 2026 को महुआ थाना क्षेत्र में तीन अज्ञात अपराधियों ने दो मेवेशी व्यापारियों, पिता-पुत्र, से लूटपाट के दौरान गोलीबारी की थी। इस घटना में पिता लक्ष्मण राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उनका पुत्र भी गोली लगने से घायल हुआ था। मामले में महुआ थाना में कांड संख्या 933/26 दर्ज किया गया था।
घटना के बाद एसटीएफ और वैशाली पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और घटना में संलिप्त दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में भी जुटी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी मनीष कुमार के खिलाफ वैशाली और मुजफ्फरपुर जिले के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत कुल पांच मामले दर्ज हैं।
पटना से अनिल की रिपोर्ट