CM के पीए की हत्या का अंतरराज्यीय राज!… बक्सर में STF की रेड से बिहार-यूपी बॉर्डर पर सनसनी, तीन आरोपी पश्चिम बंगाल ले जाए गए
Bihar Breaking Crime News:: पश्चिम बंगाल की सियासत और अपराध जगत को हिला देने वाले हाई-प्रोफाइल हत्या कांड ने अब बिहार की जमीन पर भी हलचल मचा दी है।
Bihar Breaking Crime News: पश्चिम बंगाल की सियासत और अपराध जगत को हिला देने वाले हाई-प्रोफाइल हत्या कांड ने अब बिहार की जमीन पर भी हलचल मचा दी है। मामला शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक की हत्या से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसकी जांच अब सीमाओं को पार कर बिहार तक पहुंच चुकी है। रविवार देर रात पश्चिम बंगाल STF ने बक्सर जिले में ऐसी ताबड़तोड़ दबिश दी कि पूरे इलाके में खलबली मच गई। नावानगर, मुफस्सिल और सिकरौल थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर टीम ने चार लोगों को उठाया, जिनमें से एक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया, जबकि तीन संदिग्धों को अपने साथ बंगाल ले जाया गया।सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गए युवकों में मयंक मिश्रा, विक्की मौर्य और अटल शामिल हैं। वहीं विशाल श्रीवास्तव नामक युवक को भी हिरासत में लिया गया था, जिसके खिलाफ पहले से ही हत्या और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज बताए जाते हैं। हालांकि शुरुआती पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया, लेकिन उसका आपराधिक नेटवर्क अब जांच एजेंसियों के रडार पर है।
दिलचस्प बात यह है कि इस पूरी कार्रवाई पर स्थानीय पुलिस की जुबान पूरी तरह बंद रही। कोई भी अधिकारी खुलकर बोलने को तैयार नहीं हुआ। एसडीपीओ से लेकर थाना स्तर तक सिर्फ कोई टिप्पणी नहीं का जवाब मिला, जबकि एसपी ने इतना जरूर माना कि बंगाल STF जांच के लिए आई थी और स्थानीय पुलिस ने सहयोग किया।इस बाबत न्यूज4नेशन के क्राइम संपादक कुलदीप भारद्वाज ने पहले हीं बताया था कि हत्यारों का अंतरराज्यीय कनेक्शन हो सकता है।
इधर, इस हत्याकांड की कहानी भी किसी राजनीतिक थ्रिलर से कम नहीं लगती। जानकारी के अनुसार, 6 मई 2026 की रात उत्तर 24 परगना के मध्यग्राम इलाके में पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह कोलकाता से घर लौट रहे थे, तभी घात लगाकर हमला हुआ। यह वारदात उस वक्त हुई जब राज्य में सत्ता परिवर्तन के महज 48 घंटे ही बीते थे, जिससे सियासी हलकों में शक और साजिश की परतें और गहरी हो गईं।
जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, कहानी और राज्यों तक फैलती जा रही है। बंगाल STF अब इसे केवल स्थानीय रंजिश नहीं मान रही, बल्कि इसके पीछे एक संगठित अंतरराज्यीय नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है। इसी कड़ी में बिहार और उत्तर प्रदेश को जोड़ते हुए लगातार रेड की जा रही हैं। उत्तर प्रदेश में भी इस केस की गूंज सुनाई दी है, जहां से कथित तौर पर तीन शूटरों की गिरफ्तारी की खबर है। इनमें से एक को अयोध्या से दबोचा गया बताया जा रहा है। सभी आरोपियों से कोलकाता स्थित भवानी भवन में कड़ी पूछताछ चल रही है।
बक्सर में हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या अपराध अब सीमाओं का मोहताज नहीं रहा? या फिर यह पूरा मामला किसी बड़े सियासी और आपराधिक गठजोड़ की तरफ इशारा कर रहा है, जिसकी परतें अभी खुलनी बाकी हैं।
बक्सर से संदीप वर्मा की रिपोर्ट
(Poto: Epsita)