छपरा के निजी स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़,गणित शिक्षक गिरफ्तार, शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर फूटा गुस्सा
गणित के शिक्षक पर छात्रा से छेड़छाड़ और अशोभनीय व्यवहार का आरोप लगा है। छात्रा की शिकायत के बाद विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने आरोपी शिक्षक की पिटाई कर दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।....
Bihar Student Harassment: सारण से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां शहर के एक प्रतिष्ठित निजी विद्यालय में गणित के शिक्षक पर छात्रा से छेड़छाड़ और अशोभनीय व्यवहार का आरोप लगा है। छात्रा की शिकायत के बाद विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने आरोपी शिक्षक की पिटाई कर दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी शिक्षक की पहचान इमाम राजा के रूप में हुई है। वह सारण जिले के इसुआपुर थाना क्षेत्र के असांव गांव का निवासी है और फिलहाल शहर के कटहरी बाग मोहल्ले में किराये के मकान में रह रहा था। वह संबंधित निजी विद्यालय में गणित पढ़ाता था।
'एक माह पहले भी की थी शिकायत'
पीड़ित छात्रा का आरोप है कि शिक्षक पिछले कई दिनों से पढ़ाई के बहाने उसे परेशान कर रहा था। वह बार-बार बातचीत करने का दबाव बनाता था और अनुचित व्यवहार करता था। छात्रा का कहना है कि उसने करीब एक माह पहले विद्यालय के प्राचार्य से इसकी शिकायत भी की थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।बुधवार को जब शिक्षक द्वारा दोबारा कथित तौर पर अनुचित हरकत की गई, तो छात्रा ने पूरी घटना अपने परिजनों को बता दी। इसके बाद गुस्साए परिजन विद्यालय पहुंचे और आरोपी शिक्षक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी।
विद्यालय के बाहर हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय के बाहर बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय लोग जुट गए। माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर पहुंची भगवान बाजार थाना पुलिस ने आरोपी शिक्षक को भीड़ से निकालकर अपने कब्जे में लिया और थाने ले गई।
अन्य छात्राओं ने भी लगाए आरोप
घटना के बाद कुछ अन्य छात्राओं ने भी संबंधित शिक्षक पर अनुचित व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। आरोप है कि वह छात्रों को गणित विषय में फेल करने की धमकी देकर दबाव बनाता था। कुछ छात्राओं ने यह भी दावा किया कि शिक्षक मोबाइल पर आपत्तिजनक संदेश और तस्वीरें भेजने का प्रयास करता था।हालांकि, इन अतिरिक्त आरोपों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस इन सभी दावों की जांच कर रही है।
डिजिटल साक्ष्यों की होगी जांच
भगवान बाजार थानाध्यक्ष रणधीर कुमार ने बताया कि छात्रा के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पीड़िता के मोबाइल फोन, व्हाट्सएप चैट, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच करेगी। उपलब्ध साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विद्यालय प्रबंधन पर भी उठे सवाल
इस घटना के बाद विद्यालय प्रशासन की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। परिजनों का आरोप है कि यदि छात्रा की पहली शिकायत पर समय रहते उचित कार्रवाई की गई होती, तो मामला इतना गंभीर नहीं बनता। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन की जवाबदेही तय करने और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए सख्त व्यवस्था लागू करने की मांग की है।फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
छपरा से धर्मेंद्र की रिपोर्ट