Paper Leak: NEET पेपर लीक कांड के मास्टरमाइंड पर कसा शिकंजा, कुर्की-जब्ती की तैयारी,नेपाल में छिपे होने की आशंका

Paper Leak: संजीव मुखिया, जो नीट पेपर लीक के मुख्य आरोपी हैं, के लिए समस्याएँ बढ़ने वाली हैं। पटना सिविल कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किया है। इससे पूर्व, कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी।

 sanjeev mukhia
संजीव मुखिया की गिरफ्तारी पर नया मोड़- फोटो : Social Media

Paper Leak: पेपर लीक मामले का मास्टरमाइंड संजीव मुखिया लगातार फरार है। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट प्राप्त कर लिया है। कोर्ट ने सिपाही बहाली, बीपीएससी शिक्षक बहाली, नीट परीक्षा समेत कई अन्य पेपर लीक मामलों में संजीव मुखिया को मुख्य आरोपी मानते हुए उसे जल्द गिरफ्तार करने का आदेश दिया है।

अगर अगले एक महीने में संजीव मुखिया पकड़ा नहीं गया या कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ, तो ईओयू उसके घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई करेगी। ईओयू की टीम ने संजीव मुखिया को पकड़ने के लिए अपनी जांच तेज कर दी है। हाल ही में सूचना मिली थी कि वह नेपाल में छिपा हुआ है, लेकिन अब नई जानकारी के मुताबिक वह किसी अन्य जगह पर छिपा हो सकता है।

बता दें कि  कि संजीव मुखिया के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला भी दर्ज है। ईओयू ने उसके घर और अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में निवेश और जमीन-जायदाद से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। इस मामले की जांच अभी जारी है।

संजीव मुखिया नालंदा के नूरसराय वाणिकी कॉलेज में तकनीकी सहायक के पद पर कार्यरत है। उसने अपने बेटे डॉ. शिव के साथ मिलकर परीक्षाओं में नकल कराने का एक बड़ा रैकेट चला रखा था। उसका बेटा सिपाही बहाली पेपर लीक मामले में पहले से ही जेल में है।


Editor's Picks