बेतिया में स्वर्ण व्यवसायी को अपराधियों ने मारी गोली, हालत गंभीर... मचा हड़कंप

घायल व्यवसायी की पहचान सिरिसिया थाना क्षेत्र के गरभुआ निवासी गोविंदा साह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गोविंदा साह मनुआपुल स्थित अपनी सोने-चांदी की दुकान बंद करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे।

gold trader in Bettiah- फोटो : news4nation

Bihar News :  पश्चिम चंपारण जिले के सिरिसिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को गोली मार दी। गोली व्यवसायी के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।


घायल व्यवसायी की पहचान सिरिसिया थाना क्षेत्र के गरभुआ निवासी गोविंदा साह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गोविंदा साह मनुआपुल स्थित अपनी सोने-चांदी की दुकान बंद करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली चला दी।


गोली लगते ही गोविंदा साह सड़क पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज और घायल व्यवसायी को देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी गई, जिसके बाद ग्रामीणों और परिजनों की मदद से उन्हें आनन-फानन में जीएमसीएच बेतिया पहुंचाया गया।


पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद सिरिसिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि गोली चलाने वाले अपराधियों की पहचान की जा सके।


फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारने के पीछे क्या वजह थी। वारदात में कितने अपराधी शामिल थे और उनका मकसद क्या था, इसका भी अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। घायल व्यवसायी के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आशीष की रिपोर्ट