Bihar EOU Raid: दरभंगा में EOU की ताबड़तोड़ छापेमारी,BDO के 6 ठिकानों पर एक साथ रेड से हड़कंप

Bihar EOU Raid:Bihar EOU Raid:दरभंगा में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक एक्शन सामने आया है।

दरभंगा में EOU की ताबड़तोड़ छापेमारी- फोटो : reporter

Bihar EOU Raid: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक एक्शन सामने आया है। इस बार निशाने पर हैं दरभंगा जिले के केवटी प्रखंड विकास पदाधिकारी चन्द्रमोहन पासवान, जिनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जन के गंभीर आरोप में आर्थिक अपराध इकाई  ने ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है।

यह कार्रवाई आर्थिक अपराध इकाई  द्वारा दर्ज कांड संख्या-09/26 (दिनांक 26.05.2026) के तहत की जा रही है। जांच में सामने आए प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर विशेष निगरानी न्यायालय, मुजफ्फरपुर से तलाशी वारंट प्राप्त किया गया, जिसके बाद पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में एक साथ छह ठिकानों पर दबिश दी गई।

छापेमारी की यह कार्रवाई दरभंगा जिले के बहादुरपुर स्थित आवास, केवटी स्थित सरकारी आवास और कार्यालय, तथा मधुबनी जिले के बाबूबरही स्थित पैतृक और व्यावसायिक परिसरों सहित कुल छह अलग-अलग स्थानों पर की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, जांच में अब तक लगभग 89,13,500 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का प्रारंभिक खुलासा हुआ है, जो उनके ज्ञात आय से करीब 81.03 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। इस खुलासे ने प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है।

जांच एजेंसियों का कहना है कि यह पूरा मामला केवल संपत्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि वित्तीय लेनदेन और संभावित बेनामी निवेश की भी गहराई से जांच की जा रही है। टीम को शक है कि कई संपत्तियां और लेनदेन छिपाकर रखे गए हो सकते हैं, जिनकी पुष्टि दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड से की जा रही है।

EOU की टीम लगातार आवासों और कार्यालयों में दस्तावेज खंगाल रही है, जबकि कई महत्वपूर्ण कागजात और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी जब्त किए जाने की प्रक्रिया में हैं।फिलहाल कार्रवाई जारी है और अधिकारियों ने संकेत दिया है कि छापेमारी पूरी होने के बाद ही विस्तृत रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पूरे प्रशासनिक तंत्र में हलचल तेज हो गई है और मामले को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

रिपोर्ट- वरुण कुमार ठाकुर