Bihar Crime: होली में जातीय विवाद, पथराव और पुलिस पर हमला, महिला पुलिसकर्मी घायल, इलाके में तनाव

Bihar Crime: होली के रंगों के बीच अचानक जातीय तनाव ने जन्म लिया।..

होली में जातीय विवाद- फोटो : social Media

Bihar Crime: होली के रंगों के बीच अचानक जातीय तनाव ने जन्म लिया। दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भरुल्ली पंचायत के लोरिका गांव में दो पक्षों सहनी टोला और चौपाल टोला के बीच रंग खेलने को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि देखते ही देखते पथराव और मारपीट में बदल गया।

सूत्रों के अनुसार, अमरजीत सहनी ने अनिल चौपाल को अपने घर रंग खेलने के लिए बुलाया था। विवाद तब शुरू हुआ जब कथित तौर पर अमरजीत ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। विरोध करने पर स्थिति बिगड़ी और सरसों तेल की खाली टीन से भी हमला किया गया। दोनों पक्षों के घरों की दूरी लगभग 150 मीटर थी, लेकिन थोड़े ही समय में माहौल हिंसक हो गया।

पुलिस की सूचना मिलते ही डायल 112 वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन कुछ लोगों ने पुलिस वाहन पर पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गई। झड़प में कुल 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिंहवाड़ा के अलावा सिमरी , जाले, कमतौल थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। कमतौल के एसडीपीओ शुभेंद्र कुमार सुमन और बीडीओ विक्रम भाष्कर ने मौके का जायजा लिया।

पुलिस ने अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपी फरार हैं और कई घरों में पुरुष सदस्य ताला लगाकर छिपे हुए हैं। एसडीपीओ शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हालात फिलहाल तनावपूर्ण हैं, लेकिन पुलिस ने नियंत्रण स्थापित कर गांव में कैंप कर दिया है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और विवाद में शामिल न होने की अपील की है।