आतंकी कनेक्शन मामले में बिहार में ED की रेड, RSS कार्यालय पर हुए हमले से ऐसे जुड़ा तार

अधिकारियों के मुताबिक, जांच में पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन शहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN) की भूमिका भी जांच के दायरे में है। रांची में RSS कार्यालय पर हुए हमले के मामले की जांच पहले से ही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) कर रही है।

Bihar News :  रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को बिहार समेत चार राज्यों में एक साथ छापेमारी की। ED की टीमें बिहार, झारखंड, दिल्ली और कर्नाटक में कई ठिकानों पर तलाशी ले रही हैं। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत PMLA के प्रावधानों के अनुसार की जा रही है।


अधिकारियों के मुताबिक, जांच में पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन शहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN) की भूमिका भी जांच के दायरे में है। रांची में RSS कार्यालय पर हुए हमले के मामले की जांच पहले से ही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) कर रही है। ED इस मामले में जांच करने वाली दूसरी केंद्रीय एजेंसी है।


यह मामला जून में रांची के निवारणपुर इलाके में स्थित RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके जाने से जुड़ा है। NIA ने झारखंड पुलिस की विशेष जांच टीम से केस अपने हाथ में लेने के बाद FIR दर्ज कर जांच शुरू की थी। NIA के रिकॉर्ड के अनुसार, दो अज्ञात लोगों ने RSS कार्यालय परिसर की ओर बम फेंके थे। मामले में झारखंड पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।


ED की मौजूदा कार्रवाई का फोकस कथित मनी ट्रेल और वित्तीय लेन-देन की जांच पर है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमले से जुड़े नेटवर्क को किसी तरह की आर्थिक मदद या फंडिंग उपलब्ध कराई गई थी या नहीं।


इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 16 सितंबर 2026 को शहजाद भट्टी नेटवर्क को UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया है। मंत्रालय की अधिसूचना के मुताबिक संगठन पर भारत में आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े होने, युवाओं और स्थानीय अपराधियों को प्रभावित करने तथा सीमा पार से हथियार, विस्फोटक और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल होने के आरोप हैं।


RSS कार्यालय पर हमला 16-17 जून की रात हुआ था। NIA के अनुसार, अज्ञात लोगों ने कार्यालय परिसर की ओर बम फेंके थे। इस मामले की जांच अब हमले के साथ जुड़े संभावित वित्तीय नेटवर्क तक पहुंच गई है।