आय से 208% ज्यादा संपत्ति! EOU ने उजागर किया हाजीपुर नगर परिषद अकाउंटेंट का बड़ा भ्रष्टाचार, करोड़ों की संपत्ति

हाजीपुर नगर परिषद अकाउंटेंट- फोटो : news4nation

Bihar News : आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने एक बार फिर भ्रष्ट अधिकारी पर जोरदार शिकंजा कसा है। हाजीपुर नगर परिषद कार्यालय के लेखापाल मनीष कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। प्रारंभिक जांच में मनीष कुमार के पास 2 करोड़ 2 लाख 31 हजार 500 रुपये की आय से अधिक संपत्ति होने के साक्ष्य मिले हैं। जांच एजेंसी के अनुसार यह राशि उनकी ज्ञात आय से लगभग 208.57 प्रतिशत अधिक है। अधिकारी के पास से एक लग्जरी थार गाड़ी भी मिली है।


दरअसल, विश्वसनीय सूचनाओं के सत्यापन के बाद आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 10/26 दर्ज कर विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर से तलाशी वारंट प्राप्त किया गया। आर्थिक अपराध इकाई ने बताया कि मनीष कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में उनके दो अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।


गुरुवार सुबह हाजीपुर स्थित बागमली आवास और हाजीपुर नगर परिषद कार्यालय स्थित कक्ष समेत कुल दो स्थानों पर अलग-अलग टीमों द्वारा एक साथ छापेमारी शुरू की गई। तलाशी के दौरान दस्तावेजों, बैंक खातों, निवेश और अन्य संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।


आर्थिक अपराध इकाई ने कहा है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद बरामदगी और जांच से संबंधित विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

रंजीत की रिपोर्ट