Bihar Crime:धान की रोपनी कर रहे किसान पर हमला, ग्रामीणों के पहुंचते ही हथियारबंद आरोपित फरार
Bihar Crime: गया में धान की रोपनी कर रहे एक किसान पर कथित रूप से हथियारबंद लोगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
Bihar Crime: गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र स्थित करमदास मौजा में धान की रोपनी कर रहे एक किसान पर कथित रूप से हथियारबंद लोगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बनगया। पीड़ित किसान ने कोंच थाना में लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित चंद्रदीप यादव, निवासी ढिबरी गांव, ने बताया कि वह अपने खेत में धान की रोपनी के कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान सलोनीबिगहा गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि उनके हाथ में पिस्टल थी और उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से खेत में मौजूद अन्य किसानों और मजदूरों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को अपनी ओर आते देख सभी आरोपित कथित रूप से वहां से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी और कार्रवाई की मांग की।
कोंच थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने में जुटी है। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय किसानों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक सहयोग करने की अपील की है।
रिपोर्ट- मनोज कुमार