महाबोधि मंदिर के बाहर खाकी में घमासान, आपस में भिड़े BMP-बिहार पुलिस के जवान, जमकर हुई बेल्ट-लात-घूंसों की बरसात

Bihar Crime: महाबोधि मंदिर के सुरक्षा में तैनात बीएमपी जवानों और बिहार पुलिस के एक जवान के बीच मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हाथापाई में तब्दील हो गया।...

खाकी में घमासान- फोटो : reporter

Bihar Crime: गया के बोधगया स्थित विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर के मुख्य प्रवेश क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सुरक्षा में तैनात बीएमपी जवानों और बिहार पुलिस के एक जवान के बीच मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हाथापाई में तब्दील हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच बेल्ट, लात और घूंसों से मारपीट हुई। मंदिर के बाहर अचानक हुए इस बवाल से देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु और पर्यटक सहम गए।

बाइक हटाने को लेकर चढ़ा विवाद का पारा

जानकारी के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस के झंडोत्तोलन की तैयारियों को लेकर महाबोधि मंदिर के प्रवेश क्षेत्र में साफ-सफाई और रंग-रोगन का काम चल रहा था। इसी दौरान वहां बीएमपी के दो जवानों की बाइक खड़ी थी।बाइक हटाने को लेकर बिहार पुलिस के जवान और बीएमपी जवानों के बीच कहासुनी शुरू हुई। मामूली कहासुनी में देखते ही देखते गर्मागर्मी बढ़ गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि इसके बाद जमकर हाथापाई शुरू हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बीएमपी के दोनों जवानों और बिहार पुलिस के जवान के बीच मारपीट हुई। इस दौरान बेल्ट और लात-घूंसों का भी इस्तेमाल किया गया। मंदिर के प्रवेश क्षेत्र में सुरक्षा बलों के जवानों को आपस में भिड़ता देख श्रद्धालुओं में बेचैनी फैल गई।

श्रद्धालुओं के सामने हुई भिड़ंत से मचा हड़कंप

महाबोधि मंदिर बौद्ध धर्म का प्रमुख आस्था केंद्र होने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल भी है। यहां देश के अलग-अलग हिस्सों के अलावा बड़ी संख्या में विदेशी श्रद्धालु भी पहुंचते हैं।ऐसे में मंदिर के मुख्य प्रवेश क्षेत्र में सुरक्षा बलों के बीच हुई मारपीट ने वहां मौजूद लोगों को हैरान कर दिया। कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घटना की जानकारी मिलते ही बोधगया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कर दिया और स्थिति को संभाल लिया।

अधिकारियों ने बताया- मामूली बात पर हुआ विवाद

बीएमपी-3 के डीएसपी ने मामले को लेकर बताया कि जवानों के बीच छोटी-सी बात को लेकर विवाद हुआ था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया।वहीं मंदिर सुरक्षा प्रभारी इंद्रजीत कुमार ने बताया कि महाबोधि मंदिर की सुरक्षा में तैनात बीएमपी जवान को दो दिन पहले ही बाइक हटाने के लिए कहा गया था। शुक्रवार सुबह स्वतंत्रता दिवस के झंडोत्तोलन की तैयारियों के दौरान दोबारा बाइक हटाने को लेकर बातचीत हुई, जो देखते ही देखते विवाद और फिर मारपीट में बदल गई।बाद में अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।

विश्व धरोहर स्थल पर सुरक्षा बलों की भिड़ंत से उठे सवाल

घटना भले ही मामूली विवाद से शुरू हुई हो, लेकिन जिस जगह यह हुआ, उसकी संवेदनशीलता को देखते हुए इसे गंभीरता से देखा जा रहा है। महाबोधि मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण है और यहां देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षा बलों के जवानों का इस तरह सार्वजनिक स्थान पर आपस में उलझना मंदिर की छवि और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गलत संदेश दे सकता है।स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व की तैयारियों के बीच हुई इस घटना ने कुछ देर के लिए धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। हालांकि अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो गई।

अब सवाल यही है कि बाइक हटाने जैसी मामूली बात आखिर इतनी क्यों बढ़ी कि वर्दीधारी जवान ही एक-दूसरे पर बेल्ट और लात-घूंसों से टूट पड़े? फिलहाल अधिकारियों ने इसे आपसी विवाद बताकर मामला शांत करा दिया है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्थल पर हुई इस भिड़ंत ने सुरक्षा व्यवस्था और जवानों के अनुशासन को लेकर जरूर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट- मनोज कुमार