50 लाख दो, वरना अंजाम भुगतो!... गयाजी के बिल्डर के कार्यालय में घुसे दबंग, रिवॉल्वर दिखाकर मांगी रंगदारी

Bihar Crime: गया जी शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं। अबकी बार निशाने पर आए हैं गया के चर्चित बिल्डर और तेज टावर के डायरेक्टर....

50 लाख दो, वरना अंजाम भुगतो..- फोटो : reporter

Bihar Crime: गया जी शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं। अबकी बार निशाने पर आए हैं गया के चर्चित बिल्डर और तेज टावर के डायरेक्टर विकास कुमार। आरोप है कि हथियार की धमक और दबंगई के दम पर उनसे 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। बदमाशों ने कथित तौर पर बिल्डर के कार्यालय में घुसकर रिवॉल्वर का खौफ दिखाया और साफ शब्दों में कहा- “50 लाख रुपए दो और हमसे अपनी सुरक्षा करा लो।”

घटना के बाद पूरे बिल्डर समाज और व्यापारिक जगत में सनसनी फैल गई है। पीड़ित विकास कुमार ने पुलिस प्रशासन से अपनी और परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। उनका दावा है कि पूरी वारदात कार्यालय में लगे CCTV कैमरे में कैद है, जिसे उन्होंने पुलिस को सबूत के तौर पर सौंप दिया है

पीड़ित बिल्डर के मुताबिक, यह घटना 3 जुलाई को हुई। शहर के गोरिया मठ के समीप रहने वाले अमित कुमार और उसके छोटे भाई सुमित कुमार अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ धर्मसभा गली स्थित उनके कार्यालय पहुंचे।आरोप है कि कार्यालय में पहुंचते ही आरोपियों ने रिवॉल्वर का भय दिखाया और माहौल को दहशत में बदल दिया। इसके बाद कथित रूप से 50 लाख रुपये की मांग की गई। आरोपियों ने कहा कि पैसे देकर उनसे “सुरक्षा” करा ली जाए।

बिल्डर का आरोप है कि इस दौरान उनकी पत्नी ने भी कथित तौर पर धमकी दी और कहा कि उनका उठना-बैठना शहर के कई रंगदारों और बाहुबलियों के साथ है। अगर पुलिस से शिकायत की गई तो कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।विकास कुमार ने बताया कि 13 जुलाई 2026 को भी उन्हें पूरे दिन जान से मारने की धमकियां दी गईं। लगातार मिल रही धमकियों के बाद उनका परिवार दहशत में है।उन्होंने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ी वारदात हो सकती है।

पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में अमित कुमार और सुमित कुमार के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड का भी हवाला दिया है। उनका आरोप है कि दोनों के खिलाफ सिविल लाइंस थाना और कोतवाली थाना में कई मामले दर्ज हैं।इनमें मारपीट, पैसे के लेन-देन में धोखाधड़ी और लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने जैसे आरोप शामिल हैं। आरोप है कि दोनों ने कई लोगों के साथ ठगी की और डुप्लीकेट चांदी के सिक्के बनाकर लाखों रुपये का चूना लगाया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि आरोपों की सच्चाई सामने आ सके। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रंगदारी मांगने के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या यह किसी बड़े गिरोह की साजिश है।गया जैसे बड़े शहर में एक चर्चित कारोबारी से खुलेआम रंगदारी की मांग ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों का कहना है कि अगर अपराधियों पर जल्द शिकंजा नहीं कसा गया तो आम कारोबारी भी असुरक्षित महसूस करेंगे।फिलहाल पुलिस जांच जारी है, लेकिन 50 लाख की रंगदारी का यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि कब इस कथित रंगदारी कांड के आरोपियों पर शिकंजा कसता है।

रिपोर्ट- मनोज कुमार