Bihar Crime: गया में नशे का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त! डाक पार्सल वैन से 2 करोड़ का गांजा बरामद, गुप्त तहखाने में छिपी थी जहर की खेप, 2 तस्कर गिरफ्तार

Bihar Crime: बिहार में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच एक बड़ी और सनसनीखेज कामयाबी सामने आई है।...

गया में नशे का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त! - फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच एक बड़ी और सनसनीखेज कामयाबी सामने आई है। गया जिले के शेरघाटी अनुमंडल अंतर्गत बहेरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने डोभी चतरा मुख्य मार्ग पर चलती एक डाक पार्सल वैन से भारी मात्रा में गांजा बरामद कर तस्करी के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने धीरजापुर पुल के पास वाहन को रोका और जब उसकी बारीकी से तलाशी ली गई तो वैन के अंदर बने गुप्त तहखाने से 302 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।पुलिस के मुताबिक, बरामद खेप को बेहद चालाकी से पैक किया गया था—कुल 54 पैकेट (5-5 किलो) और 16 पैकेट (2-2 किलो) गांजा छिपाकर रखा गया था, ताकि सामान्य जांच में पकड़ से बचा जा सके। लेकिन पुलिस की सतर्कता ने पूरे तस्करी नेटवर्क की योजना पर पानी फेर दिया।

मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है चंदन कुमार (25) और सुजीत कुमार (24), दोनों पटना जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह खेप झारखंड के गुमला इलाके से लाकर राजधानी पटना में सप्लाई की जानी थी।तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए डाक पार्सल वैन को कवर बनाकर उसमें विशेष गुप्त चैंबर तैयार कराया था, ताकि नियमित चेकिंग में किसी को शक न हो। लेकिन बहेरा थाना पुलिस की पहले से मिली सूचना और वाहन जांच अभियान ने पूरे नेटवर्क को बेनकाब कर दिया।

बहेरा थाना अध्यक्ष रविरंजन कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई लंबे समय से मिल रही सूचनाओं के आधार पर की गई थी। पुलिस अब इस पूरे रैकेट के पीछे जुड़े बड़े नेटवर्क, सप्लाई चैन और फाइनेंसरों की तलाश में जुट गई है।इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस की इस सफलता को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी स्ट्राइक माना जा रहा है।

रिपोर्ट- मनोज कुमार