पटना के राजेंद्र नगर रेलवे यार्ड में धधकी आग, मची अफरा-तफरी, 15 दमकलों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू, लाखों के नुकसान की आशंका

Patna Fire: राजधानी पटना के राजेंद्र नगर रेलवे यार्ड कोचिंग कॉम्प्लेक्स में रविवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया।...

Fire Erupts at Rajendra Nagar Rail Yard 15 Engines Douse Bla
पटना के राजेंद्र नगर रेलवे यार्ड में धधकी आग- फोटो : reporter

Patna Fire: राजधानी पटना के राजेंद्र नगर रेलवे यार्ड कोचिंग कॉम्प्लेक्स में रविवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने यार्ड के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा और घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तथा अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसे काबू में करने के लिए करीब 15 छोटी-बड़ी दमकल गाड़ियों को मोर्चा संभालना पड़ा। दमकल कर्मियों ने घंटों तक लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका। आग का दायरा काफी बड़ा होने के कारण राहत और बचाव अभियान आसान नहीं था। हालांकि कड़ी मशक्कत के बाद दमकल की टीमों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और एक बड़े हादसे को टाल दिया।घटना के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। स्थानीय पुलिस ने भीड़ को मौके से दूर रखा ताकि राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की रुकावट न आए। रेलवे अधिकारियों ने भी हालात का जायजा लिया और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग किन परिस्थितियों में लगी। आग के कारणों का राज फिलहाल बरकरार है। आशंका जताई जा रही है कि तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से यह हादसा हुआ हो सकता है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

घटनास्थल पर मौजूद दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को आसपास के हिस्सों तक फैलने से रोक दिया। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो नुकसान कहीं अधिक बड़ा हो सकता था। आग बुझने के बाद भी काफी देर तक कूलिंग का काम जारी रहा, ताकि दोबारा चिंगारी भड़कने की कोई संभावना न रहे।फिलहाल रेलवे प्रशासन और स्थानीय पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आग लगने की असली वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर रेलवे परिसरों में अग्नि सुरक्षा इंतजामों और आपातकालीन तैयारियों को लेकर कई अहम सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जो इस आग के पीछे छिपे राज से पर्दा उठा सकती है।

रिपोर्ट- रंजनीश कुमार