Bihar Crime: फिल्मी स्टाइल में हमला, चारपहिया से उतरे बदमाश, ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हुए फरार

Bihar Crime: फिल्मी अंदाज में पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।...

फिल्मी स्टाइल में हमला- फोटो : reporter

Bihar Crime: फिल्मी अंदाज में पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बोधगया थाना क्षेत्र के हथियार गांव में दिनदहाड़े उस वक्त सनसनी फैल गई, जब फिल्मी अंदाज में पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की गूंज से पूरा इलाका दहल उठा और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि हमलावरों के निशाने पर रहे मुकेश कुमार इस जानलेवा हमले में बाल-बाल बच गए।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राम पुकार चौधरी के पुत्र मुकेश कुमार को टारगेट बनाकर करीब पांच अपराधी एक चारपहिया वाहन से हथियार गांव पहुंचे थे। जैसे ही बदमाशों की नजर मुकेश पर पड़ी, उन्होंने बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब छह राउंड गोलियां झोंकी गईं। अचानक हुई गोलियों की बौछार से इलाके में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों और सुरक्षित ठिकानों की ओर दौड़ पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद शूटर गैंग बड़े इत्मीनान से मौके से फरार हो गया। हालांकि इस घटना का सबसे हैरान करने वाला पहलू तब सामने आया, जब चश्मदीदों ने बताया कि फायरिंग खत्म होने के बाद एक बदमाश वाहन से नीचे उतरा और जमीन पर पड़े गोली के खोखे बटोरने लगा। माना जा रहा है कि अपराधी अपने खिलाफ सबूत मिटाने की नीयत से खोखे समेट रहा था, ताकि पुलिस को जांच में कोई अहम सुराग न मिल सके।

घटना की खबर मिलते ही बोधगया थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और तहकीकात शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा हमलावरों की शिनाख्त के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद गांव में खौफ और तनाव का माहौल है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और दावा किया है कि जल्द ही हमलावरों को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।

रिपोर्ट- मनोज कुमार