Bihar Crime: गया में वायरल वीडियो पर पुलिस का बड़ा एक्शन, महिला से दुर्व्यवहार मामले में चार गिरफ्तार-चार बाल-अपराधी निरुद्ध

Bihar Crime: कुछ दबंग किस्म के तत्वों द्वारा एक नौजवान और उसकी महिला मित्र के साथ सरेआम बेरहमी से मारपीट और बदसलूकी की गई। इस मामले में पुलिस ने मार्चा संभाला और सभी हैवानों को धर दबोचा....

Bihar Crime: बिहार के गया जिले के शेरघाटी थाना अंतर्गत महुआडीह पहाड़ी इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हुआ, जिसमें कुछ दबंग किस्म के तत्वों द्वारा एक नौजवान  और उसकी महिला मित्र के साथ सरेआम बेरहमी से मारपीट और बदसलूकी की गई। इस सनसनीखेज वाकये के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और फौरन ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए खाकी ने शिकंजा कस दिया।

तकनीकी तफ्तीश से शिकंजे में आए मुजरिम

वायरल वीडियो का संज्ञान लेते ही गया के वरीय पुलिस अधीक्षक  ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया। उनके निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एक विशेष तफ्तीश टीम (एसआईटी) का गठन किया गया, जिसमें शेरघाटी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल पुलिस निरीक्षक और स्थानीय थानाध्यक्ष शामिल रहे।

पीड़ित पक्ष के लिखित आवेदन पर शेरघाटी थाना कांड संख्या 482/26 के तहत मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और तकनीकी तफ्तीशके जरिए वीडियो में दिख रहे चेहरों की शिनाख्त की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महुआडीह गांव से चार मुख्य आरोपियों श्री मांझी, उपेंद्र सिंह, प्रदीप राम, दिनेश मांझी को धर दबोचा।इसके अलावा, कानून का शिकंजा कसते हुए इस घिनौने कृत्य में शामिल चार विधि-विरुद्ध बालकों  को भी निरुद्ध किया गया है।

वीडियो टेकडाउन और सख्त हिदायत

पुलिस प्रशासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से इस आपत्तिजनक और शर्मनाक वीडियो को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। संबंधित एजेंसियों को वीडियो के लिंक भेज दिए गए हैं ताकि इसे तुरंत डिलीट किया जा सके।गया पुलिस ने दो-टूक चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, आपसी सौहार्द को ठेस पहुँचाने या इस तरह के आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल, बाकी फरार मुलजिमों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

रिपोर्ट- पुष्कर प्रवीण