गयाजी में रॉकेट का मर्डर मिस्ट्री,पहाड़ के पीछे मिला शव, तीन युवक हिरासत में, कत्ल की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

Bihar Crime: लापता चारपहिया वाहन चालक रौशन कुमार उर्फ रॉकेट का शव पूनावां गांव के समीप बगाही पहाड़ के पीछे संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।...

गयाजी में रॉकेट का मर्डर मिस्ट्री- फोटो : reporter

Bihar Crime: गयाजी  जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज कत्ल की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। लापता चारपहिया वाहन चालक रौशन कुमार उर्फ रॉकेट का शव पूनावां गांव के समीप बगाही पहाड़ के पीछे संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। शव मिलने के साथ ही गुमशुदगी का मामला अब हत्या की आशंका में बदल गया है।

जानकारी के मुताबिक, 3 जुलाई की देर रात कुर्किहार गांव के ग्रामीणों ने एक संदिग्ध चारपहिया वाहन को रोककर उसमें सवार तीन युवकों को पकड़ लिया था। ग्रामीणों की सूचना पर वजीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को वाहन सहित हिरासत में लेकर थाने चली गई। इसी बीच अगले दिन सुबह रौशन कुमार के परिजन थाने पहुंचे और उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराते हुए आशंका जताई कि हिरासत में लिए गए युवकों का उसके गायब होने से सीधा संबंध हो सकता है।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बगाही पहाड़ के पीछे एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान रौशन कुमार उर्फ रॉकेट के रूप में की। शव बरामद होते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे इलाके में दहशत और चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। वहीं, पहले से हिरासत में लिए गए तीनों युवकों से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि रौशन की हत्या किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह थी।

वजीरगंज थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने शव बरामद होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस सनसनीखेज वारदात में कहीं अन्य लोगों की भी भूमिका तो नहीं है।फिलहाल हत्या की इस गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं। पूरे मामले पर इलाके की नजर टिकी है और परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्ट-मनोज कुमार