Bihar Crime: शादी का झांसा देकर सालों तक करता रहा यौन शोषण, केस दर्ज
Bihar Crime:एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से साफ इनकार करने का आरोप लगाया है।..
Bihar Crime:गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के भलुआही गांव से रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से साफ इनकार करने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी समस राजा उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
युवती की ओर से पुलिस को दिए आवेदन के मुताबिक, वर्ष 2009 से आरोपी के साथ उसका संपर्क था। धीरे-धीरे बातचीत का सिलसिला नजदीकियों में बदल गया। युवती का आरोप है कि आरोपी ने शादी करने का भरोसा दिलाया और इसी भरोसे के आधार पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का कहना है कि जब उसने रिश्ते को शादी के मुकाम तक पहुंचाने के लिए दबाव बनाया तो आरोपी पहले टाल-मटोल करता रहा और बाद में शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि अब आरोपी किसी दूसरी लड़की से शादी करने की तैयारी में है। इस आरोप के सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया। युवती ने पुलिस को यह भी बताया कि उसके मैट्रिक, इंटर और बीए से जुड़े शैक्षणिक प्रमाणपत्र समेत कई अन्य जरूरी दस्तावेज आरोपी के पास हैं। उसने पुलिस को दोनों के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग और चैटिंग उपलब्ध कराने की बात भी कही है।
बताया जा रहा है कि विवाद को सुलझाने के लिए गांव में पंचायत के स्तर पर समझौते की कोशिश भी की गई थी। दोनों पक्षों के बीच मामला सुलझाने की कवायद हुई, लेकिन कथित विवाद का कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद युवती ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई।शिकायत मिलते ही वजीरगंज पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने युवती के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की और जांच के दौरान आरोपी समस राजा उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वजीरगंज थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि युवती के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की गई। जांच के क्रम में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल इस घटना को लेकर भलुआही गांव में चर्चा का माहौल है। वर्षों पुराने कथित रिश्ते के अचानक विवाद और पुलिस केस में बदल जाने से इलाके में तरह-तरह की बातें हो रही हैं। पुलिस अब युवती द्वारा बताए गए साक्ष्यों, बातचीत और अन्य तथ्यों की जांच कर मामले की पूरी तस्वीर सामने लाने में जुटी है।
रिपोर्ट- प्रेमशंकर