Bihar Crime: बांस और लोहे की रॉड से हमला, खेल के मामूली विवाद ने ली एक व्यक्ति की जान, तीन लोग गंभीर रूप से घायल, इलाके में दहशत

Bihar Crime: बच्चों के खेल के दौरान हुई मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक संघर्ष का रूप ले लिया। ...

खेल में खून- फोटो : reporter

Bihar Crime:  बच्चों के खेल के दौरान हुई मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक संघर्ष का रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, बच्चों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते बढ़ता गया और दोनों पक्षों के बड़े लोग भी इसमें शामिल हो गए। लाठी-डंडा, बांस और लोहे की रॉड से हुई इस मारपीट में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना गोपालगंज जिले के मांझा थाना क्षेत्र के निमुईया गांव की है।

घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान एक घायलों की हालत अत्यंत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया। लेकिन अफसोस, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय बुनी यादव के रूप में हुई।

परिजन बलेसर कुमार यादव ने बताया कि बच्चों के बीच हुआ छोटा विवाद अचानक बड़ा रूप ले गया। दोनों पक्षों के बड़े लोग भी झड़प में कूद पड़े और हमला इतना हिंसक था कि पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। चीख-पुकार और शोक के माहौल ने पूरे गांव को झकझोर दिया। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों ने प्रशासन से अपील की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की हिंसा की पुनरावृत्ति न हो।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी की जा रही है। प्रशासन ने गांव में शांति बनाए रखने की अपील की है।गांव में फिलहाल तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, लेकिन बच्चों के खेल से शुरू हुआ यह विवाद एक पूरे परिवार के लिए त्रासदी और समाज के लिए चेतावनी बन गया है।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा