Bagaha road accident: बगहा में तेज रफ्तार ट्रक का कहर! टक्कर से युवक की हालत नाजुक, GMCH रेफर
Bagaha road accident: बगहा में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद युवक की हालत गंभीर है। उसे GMCH बेतिया रेफर किया गया है।
Bagaha road accident: पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से एक गंभीर सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। यह घटना नगर थाना क्षेत्र के गोडिया पट्टी वार्ड नंबर 25 में, वार्ड पार्षद रानू सिंह के घर के पास सीताराम आश्रम एनएच-727 मुख्य सड़क पर हुई।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद आफताब अंसारी और आसपास के लोगों ने तेजी से मदद की और घायल युवक को अनुमंडलीय अस्पताल बगहा पहुंचाया। वहां डॉक्टर चंदन कुमार ने तुरंत प्राथमिक इलाज शुरू किया। लेकिन युवक की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक के सिर में गहरी चोट लगी है और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें हैं। घायल की पहचान गोडिया पट्टी वार्ड नंबर 25 के रहने वाले सुरज कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी
घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। इस हादसे के बाद इलाके में चिंता का माहौल है और लोग सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
प•चम्पारण बेतिया आशिष कुमार