भ्रष्टाचार के खिलाफ सम्राट सरकार की बड़ी कार्रवाई, गोपालगंज की SDO और ADM निलंबित
पालगंज में एक साथ दो वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में चर्चा तेज हो गई है। जिले दो वरिष्ठ अधिकारीयों के खिलाफ इतनी बड़ी कार्रवाई को बिहार सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त अभियान के रूप में देखा जा रहा है
Bihar News : बिहार सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गोपालगंज में तैनात दो वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। इनमें गोपालगंज सदर की अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) डॉ. प्रेरणा सिंह और अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी (ADM) राजेश्वरी पाण्डेय शामिल हैं। दोनों अधिकारियों पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। विशेष निगरानी इकाई (SVU) की जांच रिपोर्ट और दर्ज प्राथमिकी के आधार पर सामान्य प्रशासन विभाग ने यह कार्रवाई की है। दोनों को अगले आदेश तक निलंबित किया गया है।
SDO डॉ. प्रेरणा सिंह पर 84 प्रतिशत अधिक संपत्ति का आरोप
सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के मुताबिक, डॉ. प्रेरणा सिंह के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई ने दिनांक 23 नवंबर 2026 को दर्ज किया गया है। इस मामले में उनके पति रितेश कुमार का नाम भी शामिल है, जो पटना में नई राजधानी पथ के अवर प्रमंडल-2 में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं।
जांच प्रतिवेदन के अनुसार, डॉ. प्रेरणा सिंह और उनके पति की ज्ञात वैध आय करीब 2.36 करोड़ रुपये आंकी गई है। वहीं, जांच में 1 करोड़ 98 लाख 28 हजार 175 रुपये की अतिरिक्त परिसंपत्ति चिह्नित की गई है। यह उनकी ज्ञात वैध आय से करीब 84 प्रतिशत अधिक बताई गई है। निलंबन अवधि में डॉ. प्रेरणा सिंह का मुख्यालय भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त कार्यालय में निर्धारित किया गया है।
ADM राजेश्वरी पाण्डेय को करोड़ों की सम्पत्ति
वहीं, गोपालगंज की ADM राजेश्वरी पाण्डेय के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई थाना कांड संख्या ने 8 अक्टूबर 2026 को दर्ज की गई थी। जांच एजेंसी के प्रतिवेदन में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने लोक सेवक के पद का दुरुपयोग कर अपनी ज्ञात वैध आय से करीब 1 करोड़ 65 लाख 83 हजार 300 रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की है। यह राशि उनकी वैध आय से लगभग 89.60 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
जांच के दौरान उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर चल और अचल संपत्ति मिलने का भी उल्लेख किया गया है। तलाशी के दौरान बरामद वस्तुओं की सूची भी सरकार को सौंपी गई थी। राजेश्वरी पाण्डेय को निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय कोशी प्रमंडल के आयुक्त कार्यालय, सहरसा निर्धारित किया गया है।
एक जिले के दो वरिष्ठ अधिकारियों पर कार्रवाई
गोपालगंज में एक साथ दो वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में चर्चा तेज हो गई है। दोनों मामलों में विशेष निगरानी इकाई की जांच और प्राथमिकी के आधार पर सामान्य प्रशासन विभाग ने बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली-2005 के नियम 9(1)(क) एवं (ग) के तहत कार्रवाई की है।