परिसीम की राह नहीं आसान, DMK की बड़ी शर्त, बिहार-UP की सीटें बढ़ने से दक्षिण भारत में हड़कंप
स्टालिन ने कहा कि डीएमके इन दोनों मांगों पर आज भी कायम है और तमिलनाडु के हितों से कभी समझौता नहीं करेगी। उनके इस बयान से साफ है कि केंद्र सरकार के लिए डीएमके का समर्थन हासिल करना आसान नहीं होगा।
Delimitation : लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर मोदी सरकार की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ सकती हैं। संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने साफ कर दिया है कि तमिलनाडु की संसदीय हिस्सेदारी से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाई जाती है, तब भी तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी किसी भी सूरत में कम नहीं होनी चाहिए। साथ ही 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच तय प्रतिनिधित्व का अनुपात अगले 25 वर्षों तक बरकरार रखने की मांग की है।
स्टालिन ने कहा कि डीएमके इन दोनों मांगों पर आज भी कायम है और तमिलनाडु के हितों से कभी समझौता नहीं करेगी। उनके इस बयान से साफ है कि केंद्र सरकार के लिए डीएमके का समर्थन हासिल करना आसान नहीं होगा। खासकर तब, जब सरकार संविधान संशोधन के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश में है।
किस-किस दल से मिल सकता है सरकार को समर्थन?
लोकसभा में फिलहाल 540 सदस्य हैं और संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए सभी सदस्यों के मतदान की स्थिति में 360 वोटों की जरूरत होगी। एनडीए के पास करीब 320 सांसद हैं। ऐसे में सरकार को विपक्षी खेमे और क्षेत्रीय दलों से समर्थन जुटाना होगा। डीएमके के 22 सांसदों के समर्थन को लेकर केंद्र को उम्मीद है, लेकिन पार्टी की शर्त तमिलनाडु की हिस्सेदारी सुरक्षित रखने की है। शरद पवार की एनसीपी (एसपी) के आठ सांसद भी अहम भूमिका में हैं। सुप्रिया सुले ने कहा है कि विधेयक देखने के बाद ही पार्टी अपना रुख तय करेगी। इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस से अलग हुए सांसदों, एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना और वाईएसआर कांग्रेस के समर्थन पर भी सरकार की नजर है। शिरोमणि अकाली दल ने भी विधेयक के समर्थन के संकेत दिए हैं। दूसरी ओर कांग्रेस और कई विपक्षी दल परिसीमन को महिला आरक्षण से जोड़ने तथा जनसंख्या आधारित सीट बंटवारे का विरोध कर रहे हैं।
परिसीमन के बाद किस राज्य को कितना फायदा?
PRS (पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च) के 2011 की जनगणना पर आधारित 50 प्रतिशत सीट वृद्धि के अनुमान में उत्तर प्रदेश की सीटें 80 से बढ़कर 133 और बिहार की 40 से 69 हो सकती हैं। महाराष्ट्र को 48 से 75, मध्य प्रदेश को 29 से 48, राजस्थान को 25 से 46 और पश्चिम बंगाल को 42 से 61 सीटें मिलने का अनुमान है।
दक्षिण भारत में तमिलनाडु की सीटें 39 से 48, केरल की 20 से 22, कर्नाटक की 28 से 41 और आंध्र प्रदेश-तेलंगाना की संयुक्त सीटें 42 से 56 हो सकती हैं। ये PRS के अनुमान हैं, अंतिम सरकारी बंटवारा नहीं। केंद्र की ओर से पहले समान अनुपात में 50 प्रतिशत वृद्धि की चर्चा में तमिलनाडु को 58-59 सीटें मिलने का अलग अनुमान भी सामने आया था।

दक्षिण के राज्यों को हिस्सेदारी घटने का डर
दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंता सिर्फ सीटों की संख्या नहीं, बल्कि लोकसभा में उनके कुल प्रतिनिधित्व की हिस्सेदारी है। PRS के अनुमान के मुताबिक तमिलनाडु की हिस्सेदारी मौजूदा 7.18 प्रतिशत से घटकर 5.90 प्रतिशत और केरल की 3.68 प्रतिशत से घटकर 2.71 प्रतिशत हो सकती है। यानी सीटें बढ़ने के बावजूद संसद में इन राज्यों का सापेक्ष राजनीतिक प्रभाव कम हो सकता है। यही वजह है कि तमिलनाडु, केरल और दूसरे दक्षिणी राज्यों में यह तर्क दिया जा रहा है कि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों को राजनीतिक रूप से दंडित नहीं किया जाना चाहिए।

30 नवंबर से संसद में फिर होगी परीक्षा
लोकसभा का विशेष सत्र 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से प्रस्तावित है। अप्रैल में संविधान संशोधन विधेयक जरूरी दो-तिहाई समर्थन नहीं मिलने के कारण पारित नहीं हो पाया था। अब सरकार नए सिरे से क्षेत्रीय दलों का समर्थन जुटा रही है। ऐसे में स्टालिन की 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी और 25 साल तक पुराने अनुपात को बनाए रखने की मांग परिसीमन की पूरी राजनीतिक गणित को प्रभावित कर सकती है।