Bihar Crime: कलियुगी बेटे की खूनी करतूत, सौ रुपये के लिए मां को उतारा मौत के घाट, गांव में मातम और गुस्से की आग
Bihar Crime: एक बेटे ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपनी ही मां को धारदार हथियार से क़त्ल कर दिया।...
Bihar Crime: एक बेटे ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपनी ही मां को धारदार हथियार से क़त्ल कर दिया। मरहूमा की शिनाख़्त गणेश रावत की 50 वर्षीय पत्नी सुमित्रा देवी के तौर पर हुई है।गोपालगंज ज़िले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उसरी बीन टोली गांव में इतवार की दोपहर एक ऐसी वारदात अंजाम दी गई, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया।
इत्तिला के मुताबिक, बड़े बेटे रामभरोसे रावत ने दोपहर में अपनी मां से महज़ सौ रुपये की मांग की। मां ने मजबूरी जताते हुए कहा कि अभी रुपये नहीं हैं, बाद में मिल जाएंगे। इतना सुनते ही आरोपी का पारा चढ़ गया। पहले तू-तू मैं-मैं, फिर गाली-गलौज और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। ग़ुस्से में बेक़ाबू बेटे ने पहले मां को बुरी तरह पीटा, फिर धारदार हथियार से वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। ज़ख़्म इतने गहरे थे कि मौके पर ही उनकी सांसें थम गईं। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया।
खून से सनी ज़मीन और चीख़-पुकार सुनकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने फ़ौरन पुलिस को ख़बर दी। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना की टीम मौके पर पहुंची, मगर तब तक मुल्ज़िम घर छोड़कर भाग चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज भेज दिया और तफ्तीश शुरू कर दी।
इलाके में इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद मातम और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण आरोपी को सख़्त से सख़्त सज़ा देने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी बेटे को धर दबोचा। वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
थानाध्यक्ष सुभाष कुमार पासवान ने बताया कि परिजनों से लिखित शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, राजेश कुमार के नेतृत्व में जांच टीम गठित कर दी गई है। एफएसएल की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपी से सख्ती से पूछताछ जारी है। यह वारदात पूरे इलाके में दहशत और सदमे की मिसाल बन गई है।