भीषण सड़क हादसा : सेना के जवानों के परिवार के 7 लोगों की मौत; तीन मासूम बच्चे भी शामिल
हादसे के बाद कार लोहे के मलबे में तब्दील हो गई। शवों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल को कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे।
Road Accident : एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेना के जवानों के परिवार के सात सदस्यों की मौत हो गई। गुजरात के कच्छ जिले में में यह हादसा हुआ, मृतकों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें महज तीन महीने की एक बच्ची भी थी। हादसा उस वक्त हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।**
पुलिस के मुताबिक, हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। सभी लोग रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद कार से भुज लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद कार लोहे के मलबे में तब्दील हो गई। शवों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल को कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे।
मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल
पुलिस अधिकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे। वे भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवार के सदस्य थे। एक ही हादसे में सात लोगों की मौत से सेना के परिवारों और उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र में शोक की लहर है।
मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और तीन महीने की बेटी शिविका के रूप में हुई है। इनके अलावा राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षित, रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका की भी इस हादसे में मौत हो गई।