गुजरात के सूरत में रिहायशी घर में लगी भीषण आग, जिंदा जल गया परिवार, पुलिस और FSL जांच में जुटी

गुजरात के सूरत जिले के लिंबायत इलाके में मंगलवार को बड़ा हादसा हुआ. रिहायशी घर में आग लगने से एक ही परिवार के पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद घर में लगी आग को बुझाया

गुजरात के सूरत में रिहायशी घर में लगी भीषण आग- फोटो : news 4 nation

गुजरात के सूरत स्थित लिंबायत इलाके में मंगलवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हुआ। यहां एक दो मंजिला रिहायशी मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 11 बजे ग्राउंड फ्लोर पर खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर से रिसाव शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिल सका।

साड़ी पैकिंग के काम ने आग को बनाया जानलेवा

मृतक परिवार घर पर ही साड़ियों की पैकिंग का काम करता था, जिसके कारण घर के अंदर भारी मात्रा में प्लास्टिक, कपड़े और पैकिंग सामग्री जमा थी। एडिशनल सीपी बलराम मीणा ने बताया कि ज्वलनशील सामग्री की अधिकता होने के कारण आग ने तुरंत पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था। कड़ी मशक्कत के बाद जब आग पर काबू पाया गया, तो अंदर से पांच झुलसे हुए शव बरामद हुए।

मरने वालों में चार महिलाएं और एक मासूम बच्चा शामिल

इस हृदयविदारक घटना में जान गंवाने वालों में एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां शामिल थीं। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय शहनाज बेगम अंसारी, 18 वर्षीय हुसैना बेगम, 28 वर्षीय शबीना रमजान, 19 वर्षीय खुशनुमा अब्दुल और मात्र 4 साल के मासूम बच्चे सुभान रमजान के रूप में हुई है। घर के चिराग और महिलाओं की एक साथ मौत से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

FSL की टीम मौके पर, पुलिस कर रही है जांच

हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया गया है ताकि आग लगने के सटीक कारणों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जांच की जा सके। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या घर में व्यवसायिक काम के लिए जरूरी अग्नि सुरक्षा के इंतजाम थे या नहीं। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से तफ्तीश कर रही है।