Bihar Weather: नौतपा से पहले ही तपने लगा बिहार, पटना समेत पूरे बिहार में गर्मी का प्रकोप, इन जिलो में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी

Bihar Weather: राजधानी पटना समेत पूरे सूबे में चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।

Bihar Weather Sizzles Before Nautapa Red Heatwave Alert in P
गर्मी झुलस रहा बिहार!- फोटो : social Media

Bihar Weather: कुछ दिनों की राहत के बाद बिहार में एक बार फिर गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी पटना समेत पूरे सूबे में चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मंगलवार को भी लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा, हालांकि मौसम विभाग ने बुधवार से राहत मिलने की उम्मीद जताई है। विभाग के मुताबिक राज्य के अधिकतर जिलों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी और बारिश के आसार हैं। 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम में कुछ नरमी आने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मंगलवार को भभुआ, बक्सर और रोहतास के कुछ इलाकों में लू चल सकती है। वहीं कई जिलों में हीटवेव जैसी सूरत बनी रहेगी। सोमवार को बिहार का मौसम इस साल का सबसे गर्म दिन साबित हुआ। तीन जिलों का तापमान 45  के करीब पहुंच गया, जिससे सड़कें तपने लगीं और दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल हो गया।

राजधानी पटना में अधिकतम तापमान भले तीन डिग्री नीचे आया, लेकिन हवा में 53 प्रतिशत नमी ने लोगों को और बेहाल कर दिया। लोगों को वास्तविक तापमान से तीन-चार डिग्री ज्यादा गर्मी महसूस हुई। सोमवार को पटना का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28.1डिग्री सेल्सियस  दर्ज किया गया। मंगलवार को पटना का मौसम सुबह सुहावना रहा, बादलों ने डेरा डाल रखा है तो दिन होने के साथ तापमान में बढ़ोत्तरी होगी।

वहीं गया भीषण गर्मी की गिरफ्त में है। आसमान से मानो शोले बरस रहे हों। तेज पछुआ हवा और तपती धूप ने आम जनजीवन को झुलसा दिया है। सोमवार को गया 44.6डिग्री सेल्सियस  तापमान के साथ बिहार का सबसे गर्म जिला रहा। इसके अलावा रोहतास में 44.5 डिग्री सेल्सियस और बक्सर में 44.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने रोहतास, कैमूर और बक्सर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

इधर 25 मई से शुरू होने वाले ‘नौतपा’ को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। 2 जून तक चलने वाले इस दौर में लगातार नौ दिनों तक भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिल सकता है। प्रशासन भी सतर्क हो गया है। भीषण गर्मी को देखते हुए बक्सर जिला प्रशासन ने पहली से आठवीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल 31 मई तक बंद करने का हुक्म दिया है, जबकि समस्तीपुर में सुबह 11 बजे तक ही कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। दिन में तेज धूप और उमस लोगों को परेशान करेगी, जबकि शाम के वक्त कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी राहत दे सकती है।