Bihar Crime:हाजीपुर-मुजफ्फरपुर हाईवे बना रणक्षेत्र, दबंगों ने ट्रक रोककर ड्राइवर पर लाठी-डंडों से पीटा, शीशे चकनाचूर, इलाके में दहशत

Bihar Crime: हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच-22 से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में खौफ और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है।...

बीच सड़क पर गुंडागर्दी- फोटो : reporter

Bihar Crime: वैशाली जिले के हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच-22 से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में खौफ और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है। भगवानपुर अड्डा चौक पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मुजफ्फरपुर से पटना की ओर जा रही एक ट्रक को कुछ मनचले और दबंग किस्म के युवकों ने बीच सड़क पर रोक लिया।

जानकारी के मुताबिक, ट्रक चालक भीड़-भाड़ और ट्रैफिक के कारण धीरे-धीरे गाड़ी आगे बढ़ा रहा था। इसी बात पर दबंग युवकों का पारा चढ़ गया और उन्होंने मौके पर ही गाली-गलौज शुरू कर दी। मामला यहीं नहीं रुका, देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने पास खड़े दूसरे ट्रक से डंडा निकालकर पहले ट्रक का शीशा चकनाचूर कर दिया। इसके बाद चालक को जबरन नीचे उतारा गया और बीच सड़क पर बेरहमी से लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी गई। सरेआम गुंडागर्दी का यह नजारा देखकर लोग सहम गए, लेकिन भीड़ में मौजूद ज्यादातर लोग तमाशबीन बने रहे। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दबंग युवक खुलेआम कानून को ठेंगा दिखाते हुए चालक पर हमला कर रहे हैं। घटना ने सड़क सुरक्षा और पुलिस गश्त की पोल खोल दी है।

सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। लेकिन बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि एनएच-22 जैसे व्यस्त और महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस तरह की दबंगई आखिर कैसे हो गई? क्या अपराधियों के मन से कानून का खौफ खत्म हो चुका है? यह घटना न सिर्फ प्रशासन पर सवाल खड़े करती है बल्कि आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर चिंता छोड़ जाती है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार