Bihar Crime: बीच चौराहे पर गुंडागर्दी के नंगे नाच के बाद जागी पुलिस, दबोचा गया एक अपराधी
Bihar Crime:करीब 20 से 30 की तादाद में पहुंचे हथियारबंद असामाजिक तत्वों ने नवरंग मिठाई दुकान पर ऐसा तांडव मचाया कि पूरा इलाका दहशत में डूब गया।....
Jamui: शहर एक बार फिर खौफ, खलबली और खून-खराबे के साये में आ गया, जब कल देर शाम बोधवन तालाब चौक पर बदमाशों ने कानून को खुली चुनौती दे डाली। करीब 20 से 30 की तादाद में पहुंचे हथियारबंद असामाजिक तत्वों ने नवरंग मिठाई दुकान पर ऐसा तांडव मचाया कि पूरा इलाका दहशत में डूब गया। लाठी-डंडों से लैस अपराधियों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़, मारपीट और गुंडागर्दी की, मानो कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज़ मौजूद ही न हो।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम करीब 8:30 बजे अचानक बदमाशों का झुंड बोधवन तालाब चौक स्थित नवरंग मिठाई दुकान पर टूट पड़ा। शीशे चकनाचूर कर दिए गए, काउंटर पलट दिए गए और दुकान में मौजूद कर्मियों को बेरहमी से पीटा गया। अचानक हुए इस हमले से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत के मारे इधर-उधर भागने लगे।
दुकान मालिक संतोष साह ने बताया कि दुर्गा मंदिर की जमीन पर गुमटी लगाने को लेकर पहले मामूली कहासुनी हुई थी, लेकिन उसी रंजिश में स्थानीय युवकों ने बदले की आग में इस हमले को अंजाम दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके दो भाइयों समेत एक कर्मी को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लेने की कोशिश की। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि दुकान मालिक के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी फरार बदमाशों की तलाश में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
हालांकि, स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर गुस्सा है कि यह सिर्फ जमीन विवाद नहीं, बल्कि इलाके में वर्चस्व की जंग का नतीजा भी हो सकता है। लोगों का कहना है कि अपराधी बेखौफ होकर सरेआम वारदात को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस की कार्रवाई अक्सर खानापूरी बनकर रह जाती है।
कुल मिलाकर, इस वारदात ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं क्या जमुई में कानून का खौफ खत्म हो चुका है, या फिर बदमाशों के हौसले पुलिस से भी ज्यादा बुलंद हो गए हैं?
रिपोर्ट- सुमित कुमार