Bihar Crime:जमुई में बेखौफ बदमाशों का खूनी खेल, चाकू से गोदकर बालू घाट कर्मियों से 7 लाख की लूट, इलाके में दहशत

Bihar Crime: हथियारबंद बदमाशों ने बालू घाट के चालान सेंटर पर धावा बोलकर न सिर्फ करीब 7 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया, बल्कि विरोध करने पर दो कर्मियों पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल भी कर दिया।

बदमाशों का खूनी खेल- फोटो : reporter

Bihar Crime:जमुई में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर खुलकर सामने आया है। जिले के खैरा प्रखंड मुख्यालय के समीप सोमवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने बालू घाट के चालान सेंटर पर धावा बोलकर न सिर्फ करीब 7 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया, बल्कि विरोध करने पर दो कर्मियों पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल भी कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में खौफ और दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार देर रात बालू घाट के चालान सेंटर में सामान्य रूप से कामकाज चल रहा था। तभी तीन बाइक पर सवार करीब सात अपराधी अचानक वहां पहुंचे और सेंटर में घुसते ही उत्पात मचाना शुरू कर दिया। बदमाशों ने वहां रखी नकदी पर हाथ साफ करने की कोशिश की। जब सेंटर पर मौजूद कर्मियों ने विरोध किया तो अपराधियों ने चाकू निकालकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

इस खूनी वारदात में गिद्धौर थाना क्षेत्र के शिवशक्ति कुमार और छपरा निवासी अनिल सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हमले के बाद बदमाश लगभग पांच लाख रुपये नकद लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।वारदात की सूचना मिलते ही खैरा थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। घायल कर्मियों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। जांच के दौरान एक मैगजीन भी बरामद होने की सूचना है, जिसे कब्जे में लेकर उसकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। मामले में संदिग्ध भूमिका के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही लूटकांड में शामिल सभी बदमाशों की शिनाख्त कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस वारदात के बाद बालू कारोबार से जुड़े लोगों में भारी दहशत है। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस अपराधियों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है और जल्द खुलासे का भरोसा जता रही है

रिपोर्ट-सुमित कुमार