Bihar Crime: सुबह 6 बजे SP ने खुद संभाली कमान, अवैध बालू लदे 9 ट्रैक्टर पकड़े, तस्करों में मचा हड़कंप

Bihar Crime: अवैध बालू के उठाव और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने तड़के बड़ी कार्रवाई की।

SP की ताबड़तोड़ कार्रवाई- फोटो : reporter

Bihar Crime: जमुई के टाउन थाना क्षेत्र के मंझवे इलाके में अवैध बालू के उठाव और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने तड़के बड़ी कार्रवाई की। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने खुद मोर्चा संभाला और बालू तस्करों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कथित तौर पर अवैध बालू लदे नौ ट्रैक्टरों को पकड़ा है, जबकि पांच से छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह करीब छह बजे एसपी विश्वजीत दयाल पुलिस टीम के साथ मंझवे इलाके में पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान एसपी ने खुद बाइक से कुछ ट्रैक्टरों का पीछा किया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने रास्ते को घेरकर ट्रैक्टरों को रोक लिया। पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से मौके पर अफरातफरी मच गई।

कार्रवाई के बाद कथित बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। जमुई में अवैध बालू उठाव और परिवहन को लेकर पुलिस की लगातार कार्रवाई के बीच इस अभियान को अहम माना जा रहा है। पुलिस पकड़े गए ट्रैक्टरों और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। वाहनों के कागजात और बालू के स्रोत की भी जांच की जा रही है।

पुलिस कार्रवाई के बाद यह भी जांच का विषय है कि पकड़े गए ट्रैक्टरों के पास बालू परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और अनुमति थी या नहीं। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

रिपोर्ट- सुमित कुमार सिंह