Bihar Crime: ठेकेदार का कत्ल, NH-22 पर बवाल, सीने में गोली दाग बदमाश हुए फरार, गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मांगा इंसाफ
Bihar Crime: जहानाबाद में बेखौफ अपराधियों ने एक ठेकेदार को गोलियों से छलनी कर मौत के घाट उतार दिया।...
Bihar Crime: जहानाबाद में बेखौफ अपराधियों ने एक ठेकेदार को गोलियों से छलनी कर मौत के घाट उतार दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में गुस्से और गम का माहौल पैदा हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर गया-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-22 को जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालात बिगड़ते देख पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर किसी तरह जाम समाप्त कराया।
यह खूनी वारदात रविवार की रात भेलावर थाना क्षेत्र के निसरपुरा गांव के समीप हुई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय मुन्ना कुमार के रूप में हुई है, जो ठेकेदारी का काम करते थे। बताया जाता है कि मुन्ना कुमार जहानाबाद से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोइरी बीघा-निसरपुरा मार्ग पर एक ईंट-भट्ठे के पास पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे उनके सीने में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
परिजन आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए PMCH रेफर कर दिया। लेकिन जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे मुन्ना कुमार ने सोमवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का सब्र टूट गया। उन्होंने शव के साथ NH-22 जाम कर दिया और हत्यारों की फौरन गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। ग्रामीणों का आरोप है कि यह हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकती है। दरअसल, 15 दिन पहले मृतक के भतीजे की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी, जिसके आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर मुन्ना कुमार लगातार दबाव बना रहे थे। पुलिस अब इस एंगल समेत सभी पहलुओं पर तहकीकात कर रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हत्यारों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।