कैमूर में में मवेशी तस्करी पर बड़ा प्रहार, कंटेनर से 61 मवेशी बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार

Bihar Crime: मवेशी तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।...

चार तस्कर गिरफ्तार- फोटो : reporter

Bihar Crime: मवेशी तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैमूर के मोहनिया पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। समेकित जांच चौकी पर सघन वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कंटेनर से 61 मवेशियों को बरामद किया। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए कंटेनर भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बरनावा निवासी यासीन के पुत्र चांद, फिजू के पुत्र रिजवान, मुजफ्फरनगर जिले के रसूलपुर डाबड़ी निवासी मेहरबान के पुत्र फुरखान तथा चरथावल गांव निवासी आसरीन बाबू के रूप में हुई है।जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कंटेनर के जरिए बड़ी संख्या में मवेशियों की तस्करी कर उन्हें उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम समेकित जांच चौकी पहुंची और वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान संदेह होने पर एक कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली गई। कंटेनर खोलते ही पुलिस ने देखा कि बड़ी संख्या में मवेशियों को अमानवीय तरीके से बांधकर ठूंस-ठूंसकर ले जाया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने तत्काल सभी मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकलवाया और कंटेनर को जब्त कर लिया।कार्रवाई के दौरान मौके से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बरामद मवेशियों को सुरक्षित संरक्षण में भेज दिया है।

मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मवेशियों को डेहरी से लोड कर उत्तर प्रदेश के उन्नाव ले जाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी के पीछे कौन-सा गिरोह सक्रिय है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है। पुलिस पूरे रैकेट की तह तक पहुंचने के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है।

रिपोर्ट- देव तिवारी