Bihar Crime: छेड़छाड़ को लेकर भड़का बवाल, बेटी बचाने निकले परिजनों पर हमला, दो समुदाय आमने-सामने, जमकर पत्थरबाज़ी, कई घायल

Bihar Crime: छेड़छाड़ की एक घटना ने अचानक सांप्रदायिक तनाव का रूप ले लिया, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।...

छेड़छाड़ को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष- फोटो : reporter

Bihar Crime:  छेड़छाड़ की एक घटना ने अचानक सांप्रदायिक तनाव का रूप ले लिया, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया। मामला कटिहार के  सहायक थाना क्षेत्र के शरीफगंज मोहल्ले का है, जहां एक लड़की के साथ कथित छेड़छाड़ का विरोध करना उसके परिजनों को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला बोल दिया, जिसमें लड़की के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पूरे इलाके में जमकर पत्थरबाज़ी शुरू हो गई। इस दौरान का वीडियो कैमरे में भी कैद हुआ है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना के बाद शरीफगंज इलाके में तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा इलाके में स्कूल, कोचिंग और बाजार आने-जाने वाली लड़कियों के साथ अक्सर छेड़छाड़ की घटनाएं की जाती रही हैं। लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इस मामले को लेकर नगर थाना में लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण मनचलों के हौसले बढ़ते चले गए।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को एक बार फिर लड़की के साथ कथित छेड़छाड़ की गई। जब लड़की के परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने इसका विरोध किया, तो मामला अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। जवाब में दूसरे पक्ष की ओर से भी पथराव शुरू हो गया। देखते ही देखते पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ओर से काफी देर तक पत्थरबाज़ी होती रही। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कई घरों और दुकानों के शीशे टूट गए, जबकि इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कटिहार जिलाधिकारी और कटिहार पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर माहौल शांत कराने की कोशिश की। अधिकारियों ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस फिलहाल वायरल वीडियो और स्थानीय लोगों के बयान के आधार पर उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी हुई है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पहले की शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई होती, तो शायद इतना बड़ा बवाल नहीं होता। फिलहाल शरीफगंज इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस हर गतिविधि पर नजर रख रही है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह