Bihar Crime:बिहार में स्मैक की बड़ी खेप जब्त, 5 करोड़ का नशा बरामद, बाइक सवार गिरफ्तार

Bihar Crime: कटिहार में नशे के कारोबार के खिलाफ मध्य निषेध टीम को बड़ी कामयाबी मिली है।...

स्मैक की बड़ी खेप जब्त- फोटो : reporter

Bihar Crime:  कटिहार में नशे के कारोबार के खिलाफ मध्य निषेध टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने पश्चिम बंगाल से बिहार लाई जा रही स्मैक की बड़ी खेप जब्त कर ली। बलरामपुर थाना क्षेत्र के किरोड़ी रेलवे फाटक के पास की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को बाइक समेत गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 5 किलो से अधिक स्मैक बरामद होने की बात सामने आई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, मध्य निषेध टीम को सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल की तरफ से मादक पदार्थ की बड़ी खेप बिहार पहुंचाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने किरोड़ी रेलवे फाटक के पास निगरानी शुरू की। इसी दौरान बाइक सवार मोहम्मद बसीर को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद बसीर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पूर्णिया जिले का रहने वाला है। बरामद मादक पदार्थ की मात्रा 5 किलो से अधिक बताई जा रही है और इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 5 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है।

इतनी बड़ी मात्रा में स्मैक बरामद होने के बाद पुलिसिया महकमे में हड़कंप मच गया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि नशीले पदार्थ की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कटिहार या आसपास के इलाकों में किसे पहुंचाया जाना था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

फिलहाल गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसा जा सकता है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह