अर्घ्य देने घाट पर गया था पूरा परिवार, चोरों ने उड़ाए ढाई लाख नकद और 15 लाख के जेवर

कटिहार जिले के कुरसेला के नवाबगंज चौक पर छठ महापर्व की सुबह चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पूरा परिवार अर्घ्य देने छठ घाट गया हुआ था उसी दौरान चोरो ने पूरे घर को खंगाल डाला........

अर्घ्य देने घाट पर गया था पूरा परिवार,  चोरों ने उड़ाए ढाई ल
अर्घ्य देने घाट गए परिवार के घर को चोरों ने बनाया निशाना- फोटो : श्याम

Katihar : लोक आस्था के महापर्व छठ के उल्लास और सुरक्षा व्यवस्था के बीच कटिहार जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र के नवाबगंज चौक स्थित एक दुकान और उसके ऊपर बने आवास को चोरों ने अपना निशाना बनाया। मुख्य सड़क एसएच-77 के किनारे स्थित के. राजा अंबानी टाइल्स दुकान का ग्रिल काटकर चोरों ने अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। दिन निकलने के समय हुई इस दुस्साहसिक वारदात से स्थानीय व्यवसायियों और लोगों में भारी दहशत का माहौल है।


अर्घ्य देने छठ घाट गया था परिवार, सुबह-सवेरे चोरों ने खंगाले सभी कमरे

दुकान की संचालिका माला देवी ने बताया कि वह छठ व्रत कर रही हैं और सोमवार की सुबह करीब 4:30 बजे वह परिवार के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य देने छठ घाट गई थीं। इसी दौरान सुबह करीब पांच बजे चार-पांच की संख्या में पहुंचे अज्ञात चोरों ने दुकान के सामने लगे ग्रिल का ताला काट दिया। चोरों ने पहले काउंटर में रखे रुपये निकाले और फिर पहली मंजिल पर बने आवास में पहुंचकर सभी कमरों के गोदरेज, लॉकर, सूटकेस और बक्से के ताले तोड़ डाले।


करीब ढाई लाख रुपये नकद और 15 लाख के सोने-चांदी के आभूषण ले उड़े चोर

पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरों ने घर में रखे लगभग ढाई लाख रुपये नकद और करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरातों को पूरी तरह समेट लिया। चोरी की इस बड़ी घटना को अंजाम देने के बाद सभी चोर पीछे के रास्ते से फरार होने में कामयाब रहे। पर्व के दिन घर में हुई इस बड़ी चोरी से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


दुकान और घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई चोरों की पूरी करतूत

चोरों की यह पूरी करतूत दुकान और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में साफ-साफ कैद हो गई है, जिसमें संदिग्धों की गतिविधियां दर्ज हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं, ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके।


पुलिस महकमे में हड़कंप, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

दिनदहाड़े सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए हुई इस लाखों की चोरी से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने और उनकी सुरागकशी में जुटी हुई है। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही इस घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


श्याम की रिपोर्ट