Bihar Crime:बिहार में अपराधियों ने घर में घुस कर में विधवा को मारी गोली, अवैध संबंध और आपसी रिश्ते में खून की आशंका
Bihar Crime: एक 30 वर्षीय विधवा महिला की उसके ही घर के अंदर गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
Bihar Crime: एक 30 वर्षीय विधवा महिला काजल देवी की उसके ही घर के अंदर गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात इतनी खौफनाक थी कि काजल को कान के पास सटाकर गोली मारी गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जैसे ही इस खूनी खेल की खबर फैली, पूरे इलाके में हड़कंप, अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया।कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र स्थित हवाई अड्डा मोहल्ला उस वक्त दहशत और सनसनी की ज़द में आ गया।
बताया जा रहा है कि काजल देवी अपने पति की मौत के बाद दो मासूम बच्चों के साथ अकेली जिंदगी गुज़ार रही थीं। बंद घर के अंदर हुई इस हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कातिल कौन, मंशा क्या और साजिश किसकी? वारदात की खबर मिलते ही मायके पक्ष का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने सीधे तौर पर काजल के ससुर जनार्दन यादव पर हत्या की आशंका जताई है। मायके वालों का आरोप है कि पारिवारिक विवाद और अंदरूनी रंजिश इस कत्ल की वजह हो सकती है।
वहीं, ससुर जनार्दन यादव ने भी पलटवार करते हुए कहा कि काजल के घर एक पुरुष का आना-जाना था, जिस पर उन्हें पहले से संदेह था। उन्होंने इशारों में आपसी संबंधों और निजी रिश्तों की ओर इशारा करते हुए खुद को बेगुनाह बताया है। इस बयान ने मामले को और भी पेचीदा और संदिग्ध बना दिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कटिहार के एसपी खुद मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। एसपी के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से खोखे, खून के नमूने और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसपी ने मीडिया को बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आपसी संबंधों से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस किसी नतीजे पर जल्दबाज़ी नहीं करेगी। हर एंगल पारिवारिक रंजिश, निजी संबंध, बाहरी साजिश और आपराधिक पृष्ठभूमि को ध्यान में रखकर तफ्तीश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस सनसनीखेज हत्या की असली कहानी बेनकाब होगी। फिलहाल हवाई अड्डा मोहल्ला खामोशी और खौफ के साए में डूबा हुआ है।
रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह