Bihar Crime News: अपना हीं पैसे मांगने पर युवक की पिटाई, चोर बताकर बाजार में घुमाया,वीडियो वायरल होते हीं मचा हड़कंप

Bihar Crime News: पैसे की मांग करना एक युवक के लिए इतना भारी पड़ गया कि उसे साजिश के तहत चोर करार देकर न सिर्फ अपमानित किया गया, बल्कि बेरहमी से पीटा भी गया। ...

अपना हीं पैसे मांगने पर युवक की पिटाई- फोटो : reporter

Bihar Crime News:पैसे की मांग करना एक युवक के लिए इतना भारी पड़ गया कि उसे साजिश के तहत चोर करार देकर न सिर्फ अपमानित किया गया, बल्कि बेरहमी से पीटा भी गया। कटिहार जिले के सेमापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहना चांदपुर पंचायत से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पैसे की मांग करना एक युवक के लिए इतना भारी पड़ गया कि उसे साजिश के तहत चोर करार देकर न सिर्फ अपमानित किया गया, बल्कि बेरहमी से पीटा भी गया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पीड़ित की पहचान दिलीप चौधरी के रूप में हुई है। दिलीप का आरोप है कि उन्होंने गांव के ही रवि शर्मा को पलंग निर्माण के लिए 50 हजार रुपये एडवांस दिए थे। काम समय पर पूरा नहीं होने पर जब वे अपना पैसा मांगने पहुंचे, तो विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया।

आरोप है कि पैसे लौटाने के बजाय आरोपियों ने एक पुरानी और मामूली मोबाइल बदलने की घटना को बहाना बनाकर दिलीप चौधरी को रास्ते में घेर लिया। इसके बाद उन्हें हाथ-पैर बांधकर घंटों तक गांव और बाजार में घुमाया गया। इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और अमानवीय व्यवहार किया गया, जिससे पूरा इलाका शर्मसार हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पूरा घटनाक्रम बेहद संगठित तरीके से अंजाम दिया गया, मानो किसी सोची-समझी साजिश का हिस्सा हो। वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है, जिसमें पीड़ित को भीड़ के बीच अपमानित करते हुए देखा जा सकता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और किसी तरह दिलीप चौधरी को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया गया। फिलहाल उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखा गया है।

सेमापुर थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार ने बताया कि यह मामला प्रथम दृष्टया एक सुनियोजित साजिश प्रतीत होता है। पीड़ित के बयान के आधार पर 7 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है, लेकिन फिलहाल सभी फरार बताए जा रहे हैं। इस घटना ने इलाके में गुस्से और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है, वहीं वायरल वीडियो ने पूरे मामले को और भी गंभीर बना दिया है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह