Bihar Crime: बिहार में बेखौफ बदमाशों का कहर, युवक की गोली मारकर हत्या

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों का तांडव कम होने का नाम नहीं ले रहा है।बदमाशों ने एक बार फिर एक युवक को निशाना बनाया है......

बेखौफ बदमाशों का कहर,- फोटो : reporter

Bihar Crime: खगड़िया के पसराहा थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम हुए गोलीकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। बन्देहरा चौक स्थित हरिवंश नारायण उच्च विद्यालय के गेट के पास अज्ञात बदमाशों ने 22 वर्षीय राजा कुमार उर्फ प्रेम कुमार को गोली मार दी। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए गोगरी अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विद्यालय के गेट के पास अचानक गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। लेकिन चिकित्सकों की कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। हत्या की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पसराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ की तथा वारदात के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान का सुराग जुटाने की कोशिश शुरू कर दी है।फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। 

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक को किसने और किस मकसद से निशाना बनाया। अज्ञात बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है। देर रात हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

रिपोर्ट- अमित कुमार