Bihar Police Crime: 2 थानाध्यक्ष समेत 11 पुलिसकर्मी सस्पेंड,पुलिस-दलाल के काला सिंडिकेट भंडाफोड़ के बाद बड़े साहब ने नाप दिया, विभाग में हड़कंप

Bihar Police Crime:केस की जांच के बहाने अवैध वसूली का बड़ा रैकेट फल-फूल रहा था। इसकी आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी का खूंखार सिंडिकेट भी सक्रिय था।...

2 थानाध्यक्ष समेत 11 पुलिसकर्मी सस्पेंड- फोटो : social Media

Bihar Police Crime: कोसी क्षेत्र के थानों में पुलिस पदाधिकारियों और दलालों का घिनौना गठजोड़ चल रहा था। केस की जांच के बहाने अवैध वसूली का बड़ा रैकेट फल-फूल रहा था। इसकी आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी का खूंखार सिंडिकेट भी सक्रिय था। डीआईजी कुमार आशीष के सलखुआ थाने के औचक निरीक्षण ने इस पुलिस-दलाल के काले कारोबार का पर्दाफाश कर दिया।जांच में खुलासा हुआ कि दलाल सतीश कई थानों की पुलिस डायरी खुद लिखता था। वह पुलिस अधिकारियों से साठगांठ कर अपने भाई चंद्रकिशोर रजक के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी कराता था। 

बीते दिनों सलखुआ थाने से सतीश का एक वीडियो वायरल हुआ था। डीजीपी ने मामले को गंभीरता से लिया और डीआईजी कुमार आशीष को खुद जांच का जिम्मा सौंपा।गुरुवार 2 जुलाई को जब डीआईजी सलखुआ थाने के निरीक्षण के लिए जा रहे थे, तभी गोसपुर मंदिर के पास बहुअरबा निवासी दलाल सतीश कुमार की गतिविधि संदिग्ध लगी। उसकी बाइक की तलाशी ली गई तो पूरा राज खुल गया। सतीश के बैग से लैपटॉप के साथ पिपरा, सलखुआ और नवहट्टा थाना की मूल केस डायरी बरामद हुई। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार और दलाल सतीश के बीच मोबाइल फोन पर लगातार संपर्क के पुख्ता सबूत मिले।

इसके बाद डीआईजी ने सिमरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश ठाकुर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। टीम ने कार्रवाई करते हुए दलाल सतीश कुमार को हिरासत में ले लिया। सलखुआ थाना में कांड संख्या 0-107/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। सतीश को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।इस कार्रवाई के बाद सहरसा, सुपौल और मधेपुरा तीन जिलों के 2 थानाध्यक्ष समेत कुल 11 पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। निलंबित किए गए पुलिसकर्मी इस प्रकार हैं-

सलखुआ थाना (सहरसा): SHO मुकेश कुमार, SI सुबे लाल पासवान, SI रविता कुमारी

नवहट्टा थाना (सुपौल): SI पंकज कुमार

त्रिवेणीगंज थाना (सुपौल): SI जूही कुमारी

सुपौल नदी थाना: SHO शिशुपाल रविदास, SI पिंकी कुमारी

भर्राही थाना (मधेपुरा): SI अग्रमोद कुमार, SI चंद्रजीत प्रभाकर, सहायक निरीक्षक मनीषा कुमारी, SI ज्योतिष कुमारडीआईजी के निर्देश पर साइबर डीएसपी कल्याण आनंद ने सुलिंदाबाद में छापेमारी की। वहां कई सालों से पुलिस डायरी लिखवाने का काम चल रहा था। छापेमारी में तीनों जिलों के कई पुलिस पदाधिकारियों और अनुसंधानकर्ताओं की फाइलें बरामद हुईं। पुलिस अन्य जगहों पर भी छापेमारी कर रही है।