Bihar Police Attack: दिवाली के दिन जुए के अड्डे पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव, दारोगा का फटा सिर, महिला सिपाही समेत 5 घायल, मची अफरातफरी

Bihar Police Attack: अपराधियों और उपद्रवियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब पुलिस टीम भी उनके निशाने पर आ गई है। ..

पुलिस टीम पर पथराव- फोटो : X

Bihar Police Attack:लखीसराय जिले में अपराधियों और उपद्रवियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब पुलिस टीम भी उनके निशाने पर आ गई है। बालगुदर गांव के साहनी टोला में शनिवार की देर रात जुए के अड्डे पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों और असामाजिक तत्वों ने अचानक हमला बोल दिया। उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों को चारों तरफ से घेरकर जमकर ईंट-पत्थर बरसाए। इस जानलेवा हमले में सब-इंस्पेक्टर (SI) त्रिभुवन ठाकुर का सिर फट गया और वे लहूलुहान हो गए। वहीं, महिला सिपाही रुचि कुमारी समेत कुल पांच पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गुप्त सूचना पर जुए के अड्डे में पहुंची थी पुलिस

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बालगुदर गांव के साहनी टोला में बड़े पैमाने पर अवैध जुए का कारोबार चल रहा है। दिवाली के मौके पर यहां जुआरियों का जमावड़ा लग रहा था। सूचना मिलते ही लखीसराय थाने की पुलिस ने छापेमारी की रणनीति बनाई।इसके बाद एसआई त्रिभुवन ठाकुर, एसआई पीके निराला और एसआई रवि कुमार के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की और दो-तीन जुआरियों को मौके से रंगेहाथ पकड़ लिया। पुलिसकर्मी हिरासत में लिए गए लोगों को वाहन तक ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया।

अचानक बरसने लगे ईंट-पत्थर, SI त्रिभुवन ठाकुर गंभीर रूप से घायल

बताया जाता है कि पकड़े गए जुआरियों के समर्थन में वहां मौजूद अन्य लोगों और असामाजिक तत्वों ने हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते उपद्रवियों ने पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया और ताबड़तोड़ रोड़ेबाजी शुरू कर दी।अचानक हुए इस हमले से पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। उपद्रवियों के फेंके गए पत्थरों की चपेट में आने से एसआई त्रिभुवन ठाकुर के सिर में गंभीर चोट लग गई। उनका सिर फट गया और वे खून से लथपथ हो गए। वहीं, महिला सिपाही रुचि कुमारी समेत चार अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।हालात बेकाबू होते देख पुलिस टीम ने पहले अपने घायल साथियों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की। इसके बाद किसी तरह सभी पुलिसकर्मी घटनास्थल से बाहर निकलने में कामयाब रहे।

अतिरिक्त पुलिस बल ने संभाला मोर्चा, 12 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीम पर हमले की खबर मिलते ही थाने में अफरातफरी मच गई। वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की सूचना दी गई। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल के साथ साहनी टोला में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया।पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिसकर्मियों पर हमला करने और पथराव में शामिल होने के आरोप में 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।

पुलिस पर हमले से कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

लखीसराय की इस घटना ने जिले में कानून-व्यवस्था और अपराधियों के मनोबल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जुए के अवैध अड्डे पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर इस तरह हमला होना प्रशासन के लिए भी चुनौती है। अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुट सकती है।

ब्यूरो रिपोर्ट