Anant Singh: बेटी की शादी में हिंदुस्तान-पाकिस्तान से भी आएं मेहमान, अनंत सिंह बोले- सबका स्वागत है

Anant Singh: बिहार की सियासत में अपने बेबाक अंदाज और दबंग छवि के लिए चर्चित मोकामा विधायक अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं।..

Anant Singh
अनंत सिंह ने नीतीश-लालू समेत सभी नेताओं को दिया न्योता- फोटो : reporter

Anant Singh: बिहार की सियासत में अपने बेबाक अंदाज और दबंग छवि के लिए चर्चित मोकामा विधायक अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। जेडीयू से निष्कासित अनंत सिंह ने अपनी बेटी की शादी को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसकी चर्चा राजनीतिक गलियारों से लेकर आम लोगों के बीच हो रही है। उन्होंने कहा कि बेटी की शादी में हिंदुस्तान और पाकिस्तान समेत दुनिया के किसी भी हिस्से से लोग आना चाहें तो उनका स्वागत है। शादी में किसी तरह की बंदिश नहीं है। जो भी मेहमान आना चाहेंगे, उनका आदर-सत्कार किया जाएगा।अनंत सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड भी दिखाया। इस दौरान उन्होंने शादी की तैयारियों और मेहमानों को न्योता देने की योजना के बारे में खुलकर बातचीत की।

नीतीश कुमार से लालू यादव तक, सभी नेताओं को न्योता देने की तैयारी

अनंत सिंह ने कहा कि वह अपनी बेटी की शादी में पक्ष और विपक्ष के सभी नेताओं को आमंत्रित करना चाहते हैं। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लेकर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव तक शामिल हैं। उनका कहना है कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन बेटी की शादी खुशी का मौका है और इस अवसर पर सभी को बुलाया जाएगा।उन्होंने साफ कहा कि वह खुद अलग-अलग जगहों पर जाकर अपने दोस्तों, यारों और परिचितों को शादी का निमंत्रण देंगे। उनके लिए यह सिर्फ एक पारिवारिक समारोह नहीं, बल्कि रिश्तों और मेल-मिलाप का भी अवसर है।

सोनू सूद, मनोज तिवारी और पवन सिंह समेत कई कलाकारों के आने की चर्चा

शादी समारोह को यादगार बनाने के लिए मनोरंजन जगत की कई चर्चित हस्तियों को भी आमंत्रित करने की बात कही गई है। अनंत सिंह के मुताबिक, सोनू सूद, मनोज तिवारी, मैथिली ठाकुर, अक्षरा सिंह और पवन सिंह समेत करीब तीन दर्जन बॉलीवुड और भोजपुरी कलाकारों के आने की बात है।इन चर्चित चेहरों के संभावित आगमन को लेकर भी लोगों में उत्सुकता बनी हुई है। हालांकि, इन कलाकारों की मौजूदगी की अंतिम पुष्टि उनके कार्यक्रम और आधिकारिक सहमति के बाद ही स्पष्ट होगी।

गांव में सजेगा भव्य मंडप, पूजा-पाठ के साथ शुरू हुई तैयारियां

अनंत सिंह के पैतृक गांव में बेटी की शादी को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। गांव में भव्य मंडप सजाने की तैयारी की जा रही है। परिवार की ओर से पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-पाठ और अन्य धार्मिक अनुष्ठान भी किए जा रहे हैं।शादी समारोह को यादगार बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। गांव में मेहमानों के स्वागत और उनके ठहरने की व्यवस्था को लेकर भी तैयारी चल रही है।

सियासी विरोध भुलाकर रिश्तों को तरजीह देना चाहते हैं अनंत सिंह

अनंत सिंह के इस बयान को बिहार की राजनीति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। एक ओर जहां राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और खींचतान जारी रहती है, वहीं दूसरी ओर अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी में सभी दलों के नेताओं को एक मंच पर आमंत्रित करना चाहते हैं।अब देखना दिलचस्प होगा कि इस भव्य शादी में सत्ता पक्ष, विपक्ष और मनोरंजन जगत की कितनी बड़ी हस्तियां शिरकत करती हैं।

रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह