Bihar Crime:पूजाघर के पीछे शराब का खुफिया तहखाना, नवादा में माफिया का भंडाफोड़, चौथी बार जेल जा चुका तस्कर फिर चढ़ा उत्पाद विभाग के हत्थे
Bihar Crime:उत्पाद विभाग की टीम ने एक ऐसे शातिर शराब कारोबारी का भंडाफोड़ किया है, जिसने अपने घर को ही अवैध शराब के गोदाम में तब्दील कर रखा था।...
Bihar Crime: शराबबंदी वाले बिहार में शराब माफियाओं के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका ताजा नमूना नवादा में देखने को मिला है। उत्पाद विभाग की टीम ने एक ऐसे शातिर शराब कारोबारी का भंडाफोड़ किया है, जिसने अपने घर को ही अवैध शराब के गोदाम में तब्दील कर रखा था। इतना ही नहीं, पुलिस और उत्पाद विभाग की नजरों से बचने के लिए घर के अंदर एक खुफिया तहखाना भी तैयार किया गया था, जहां विदेशी शराब और बीयर की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई थी।
गुप्त मुखबिर की सूचना पर उत्पाद विभाग की टीम संख्या-3 ने नगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर मोहल्ले में छापेमारी की। जब टीम आरोपी पप्पू कुमार के तीन मंजिला मकान में पहुंची तो शुरुआती तलाशी में कुछ खास हाथ नहीं लगा। लेकिन जैसे ही अधिकारियों ने घर के एक कमरे में बने पूजाघर और फर्नीचर की बारीकी से जांच की, पूरा खेल सामने आ गया। भगवान की तस्वीर और फर्नीचर के पीछे बने गुप्त तहखाने का राज खुलते ही अधिकारियों के भी होश उड़ गए।
तहखाने से कुल 156.25 लीटर शराब और बीयर बरामद की गई, जिसमें 72.25 लीटर विदेशी शराब और 84 लीटर बीयर शामिल है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपनी पहचान मिर्जापुर निवासी 30 वर्षीय पप्पू कुमार के रूप में बताई। जांच में यह भी सामने आया कि वह कोई नया खिलाड़ी नहीं, बल्कि शराब तस्करी का पुराना और आदतन कारोबारी है। होम डिलीवरी के जरिए शराब पहुंचाने के आरोप में वह पहले भी चार बार जेल की हवा खा चुका है।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी मोटरसाइकिल से शहर के विभिन्न इलाकों में शराब की सप्लाई करता था और अपने घर को सुरक्षित अड्डे के रूप में इस्तेमाल कर रहा था। फिलहाल उससे गिरोह के अन्य सदस्यों, सप्लाई नेटवर्क और शराब की खेप के स्रोत को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। उत्पाद विभाग का कहना है कि अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क की परत-दर-परत जांच की जाएगी।
रिपोर्ट- अमन कुमार