Bihar Crime: पटना लॉ कॉलेज हॉस्टल में मौत का फंदा, LLM छात्र मयंक राज की संदिग्ध मौत, मां बोलीं-ये खुदकुशी नहीं

Bihar Crime: पटना के नामी चाणक्य लॉ कॉलेज के हॉस्टल में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब LLM फाइनल ईयर के छात्र मयंक राज फंदे से झूलते पाए गए। स

पटना लॉ कॉलेज हॉस्टल में मौत का फंदा- फोटो : social Media

Bihar Crime: पटना के नामी चाणक्य लॉ कॉलेज के हॉस्टल में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब LLM फाइनल ईयर के छात्र मयंक राज फंदे से झूलते पाए गए। सन्नाटे में डूबे हॉस्टल के गलियारे अचानक चीख-पुकार और अफरातफरी में बदल गए।

मृतक की पहचान रांची के खलारी थाना क्षेत्र के निवासी मयंक राज के रूप में हुई है। उनके पिता कोल माइंस में बड़े ओहदे पर तैनात अधिकारी बताए जाते हैं। पढ़ाई के लिए मयंक पटना में हॉस्टल में रह रहे थे। मंगलवार को हॉस्टल कर्मियों ने कमरे की खिड़की से फंदा लगाकर झूलते हुए उन्हें देखा। आनन-फानन में फंदे से उतारकर इलाज के लिए मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां दोपहर बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

खबर मिलते ही जक्कनपुर थाना की पुलिस एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंची और कमरे की गहन छानबीन शुरू की। तलाशी के दौरान एक पत्र, आईफोन, आईपैड, आईकार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद हुए, जिन्हें जब्त कर लिया गया। पुलिस ने UD केस दर्ज कर हर एंगल से तहकीकात शुरू कर दी है।

सूत्रों के मुताबिक, कमरे से मिले पत्र में एक प्रेम प्रसंग का जिक्र है। बताया जा रहा है कि मयंक अपने रिश्ते को लेकर मानसिक तौर पर परेशान थे। हालांकि पुलिस इस दस्तावेज की सत्यता और परिस्थितियों की गहराई से जांच कर रही है।

दूसरी ओर, मेदांता अस्पताल पहुंचीं मां मधु देवी ने बेटे की मौत पर गहरा शक जताया है। उनका कहना है, “मेरा बेटा खुदकुशी नहीं कर सकता, इसकी निष्पक्ष जांच हो।” उन्होंने किसी पर सीधा इल्जाम नहीं लगाया, लेकिन घटना को संदिग्ध बताया है।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल में जुटी है। लॉ कॉलेज का यह ‘मौत का मंजर’ कई सवाल खड़े कर गया है—क्या यह महज़ इश्क की नाकामी थी, या कहानी में कोई और राज दफ्न है? जांच के बाद ही हकीकत बेनकाब होगी।