Bihar Crime: होमगार्ड जवान ने बीच बाजार में दी उड़ा देंगे की धमकी! खौफनाक वीडियो वायरल

Bihar Crime: बिहार से एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया है, जिसने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ...

होमगार्ड जवान ने बीच बाजार में दी उड़ा देंगे की धमकी!- फोटो : X

Bihar Crime: बिहार से एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया है, जिसने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल क्लिप में मधेपुरा के मुरलीगंज थाना क्षेत्र का एक होमगार्ड जवान भीड़ भरे बाजार में बंदूक तानते और कथित तौर पर “उड़ा देंगे” की धमकी देते नजर आ रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है, लेकिन घटना को लेकर इलाके में जबरदस्त चर्चा है।

बताया जा रहा है कि यह वाकया बेंगा पुल स्थित हनुमान मंदिर के पास हुआ। मंगलवार को सड़क जाम के दौरान एक पिकअप वाहन को साइड कराने को लेकर जवान और चालक के बीच कहासुनी शुरू हुई। मामूली बहस देखते ही देखते तकरार में बदल गई और हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए। इसी दौरान जवान ने बीच बाजार में ही बंदूक तान दी।

वीडियो में साफ दिखता है कि बाजार में अफरातफरी मच गई। लोग सहम कर इधर-उधर हटते नजर आते हैं। कुछ स्थानीय लोग बीच-बचाव की कोशिश करते दिखते हैं, ताकि हालात काबू में आएं। इसी अफरा-तफरी के बीच किसी ने मोबाइल निकालकर पूरा मंजर रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम हटाने की कोशिश अचानक ड्रामाई सीन में तब्दील हो गई। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि जवान ने गोली चलाने की कोशिश की या महज गुस्से में हथियार तानकर धमकाया। लेकिन बाजार के बीच इस तरह का व्यवहार लोगों में दहशत फैलाने के लिए काफी था। न्यूज4नेशन वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

अब तक प्रशासन की ओर से वीडियो की पुष्टि या खंडन को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस महकमे की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है। अगर वीडियो प्रमाणित होता है, तो ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी का यह रवैया अनुशासन और कानून व्यवस्था दोनों के लिहाज से बेहद गंभीर मामला माना जाएगा। फिलहाल इलाके में खौफ और गुस्से का माहौल है। लोग कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और प्रशासनिक कदम का इंतजार कर रहे हैं।