Bihar Crime: पाक कनेक्शन में गिरफ्तार मदरसा टीचर इजहार , बेटी की शादी में नेपाल के रास्ते पहुंचे थे पाकिस्तानी रिश्तेदार, आतंकी साजिश मामले में बिहार कनेक्शन
Bihar Crime: राष्ट्रीय जांच एजेंसी और एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में मदरसा शिक्षक इजहार उल हक को गिरफ्तार कर लिया गया।....
Bihar Crime: मधुबनी के पंडौल थाना क्षेत्र के भौआरा गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में मदरसा शिक्षक इजहार उल हक को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पूरे इलाके में खौफ, हैरत और चर्चाओं का बाजार गर्म है। जिस शख्स पर गंभीर आरोपों की जांच चल रही है, उसका घर आज भी कर्कट और मिट्टी से बना हुआ है, जहां उसकी पत्नी और आठ बच्चों का परिवार रह रहा है।
इजहार उल हक के दो बेटे मस्जिदों में इमामत का काम करते हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गांव में ही रहते हैं। गिरफ्तारी के बाद रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों का उसके घर पर जमावड़ा लगा हुआ है। गांव में तनाव और बेचैनी का माहौल देखा जा रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक इजहार ने वर्ष 2019 में मदरसा शुरू किया था। स्थानीय लोगों का दावा है कि वह बच्चों का चयन विशेष तरीके से करता था और पहले उनके व्यवहार तथा सोच को समझने की कोशिश करता था। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
जांच एजेंसियों के सूत्रों के अनुसार, इजहार उल हक कथित तौर पर कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क में आया था और डिजिटल माध्यमों से बैठकों में शामिल होता था। एजेंसियां उसके संभावित अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की जांच कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि उसके पास से मोबाइल फोन, लैपटॉप और कुछ दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच जारी है।रविवार देर रात शुरू हुई कार्रवाई सोमवार तड़के गिरफ्तारी के साथ पूरी हुई। एजेंसियों का दावा है कि यह कार्रवाई एक बड़े नेटवर्क की जांच का हिस्सा है। इससे पहले भोपाल, देवबंद और राजस्थान से भी कई संदिग्धों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। वहीं, गांव के लोग इस बात से हैरान हैं कि एक साधारण जीवन जीने वाला व्यक्ति इतनी बड़ी जांच के दायरे में कैसे आ गया। अब सबकी निगाहें जांच और अदालत की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।