महाराष्ट्र TET पेपर लीक: मुख्य आरोपी की पत्नी गिरफ्तार, कोर्ट ने 6 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर सौपा

महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में ठाणे पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मुख्य आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी सुमन कुमारी को पटना से गिरफ्तार कर भिवंडी कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 6 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट

मुख्य सरगना बिजेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी सुमन कुमारी 6 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर - फोटो : news 4 nation

महाराष्ट्र के बहुचर्चित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) प्रश्नपत्र लीक मामले में ठाणे पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य सरगना बिजेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी सुमन कुमारी को पटना के शेरपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया है। इस केस में यह चौथी गिरफ्तारी है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस सुमन कुमारी को पटना से भिवंडी लेकर आई, जहाँ मंगलवार (30 जून) को उसे कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपी सुमन कुमारी को 6 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।


वकील का दावा—सिर्फ पति से बात करने की वजह से हुई गिरफ्तारी

इस मामले में आरोपी पक्ष के वकील एडवोकेट शैलेश गायकवाड़ ने अदालत के बाहर बताया कि उनकी मुवक्किल सुमन कुमारी का इस पूरे घोटाले से कोई सीधा संबंध नहीं है। वकील का दावा है कि सुमन का कसूर सिर्फ इतना है कि पत्नी होने के नाते उसने अपने पति बिजेंद्र कुमार गुप्ता से मोबाइल फोन पर बातचीत की थी। हालांकि, पुलिस का सोचना इससे अलग है। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की है और अब जांच एजेंसियां सुमन के बैंक खातों को खंगाल रही हैं ताकि पेपर लीक से जुड़े आर्थिक लेनदेन का पता लगाया जा सके।


पुलिस के पहुंचने से पहले समस्तीपुर से फरार हुआ मुख्य आरोपी बिजेंद्र

रैकेट का मुख्य सूत्रधार बिजेंद्र कुमार गुप्ता अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। ठाणे पुलिस की एक टीम को सूचना मिली थी कि बिजेंद्र बिहार के समस्तीपुर जिले के कुम्हरार गांव में छिपा हुआ है, लेकिन पुलिस की छापेमारी से ठीक पहले वह वहां से भागने में सफल रहा। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही बिजेंद्र और उसके साथियों ने रविवार रात को एक गुप्त बैठक भी की थी। पुलिस को उम्मीद है कि हिरासत में ली गई सुमन कुमारी से पूछताछ के बाद फरार बिजेंद्र के ठिकानों का सुराग मिल सकेगा।


आगरा में छपे थे प्रश्नपत्र, ओडिशा SSC घोटाले से भी जुड़े हैं तार

पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस परीक्षा के प्रश्नपत्र उत्तर प्रदेश के आगरा में छपे थे, जहाँ से इन्हें लीक कर दिल्ली के रास्ते महाराष्ट्र पहुंचाया गया था। आगरा से पेपर लीक कराने वाले चार अन्य आरोपी अब भी फरार हैं और वहीं छिपे हुए हैं। इसके अलावा, मुख्य आरोपी बिजेंद्र गुप्ता का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है; साल 2023 में ओडिशा के चर्चित SSC पेपर लीक मामले में भी उसका नाम सामने आया था, जिसमें उसे गिरफ्तार किया गया था और बाद में बालासोर कोर्ट से जमानत मिली थी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए छापेमारी कर रही है।