नवादा में साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 11 ठग गिरफ्तार, लोन के नाम पर देश भर में फैला रखा था जाल
नवादा जिले की पुलिस ने एकबार फिर बड़े साइबर गैंग का खुलासा किया है। जिले के वारिसलीगंज में पुलिस ने छापेमारी कर 11 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 19 मोबाइल और भारी मात्रा में कस्टमर डेटा बरामद हुआ है...
Nawada : जिले की पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान 11 शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है। वारिसलीगंज थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम ने इन अपराधियों के पास से 19 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 6 पन्नों का डेटा शीट बरामद किया है, जिसमें हजारों संभावित पीड़ितों के नाम और नंबर दर्ज थे।
बगीचे में बैठक कर रहे थे साइबर ठगी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के द्वायनगर नहर के पास और चकवाय हाईस्कूल के पीछे सीसम के बगीचे में बैठकर कुछ युवक साइबर ठगी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस और सशस्त्र बलों ने घेराबंदी कर दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। मौके से भागने की कोशिश कर रहे अपराधियों को पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ लिया। इनके पास से बरामद मोबाइल और डेटा ने इस गिरोह के खतरनाक मंसूबों की पुष्टि की है।
लोन ऐप्स और नामी कंपनियों के नाम पर लगाते थे लोगो को चूना
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे विभिन्न लोन ऐप्स और प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम पर लोगों को ठगने का काम कर रहे थे। ये ठग ऑनलाइन स्रोतों से ग्राहकों का संवेदनशील डेटा (नाम, पता और मोबाइल नंबर) खरीदते थे और फिर उन्हें बेहद कम ब्याज दर पर लोन दिलाने का लालच देकर संपर्क करते थे। झांसे में आने वाले लोगों से रजिस्ट्रेशन या प्रोसेसिंग फीस के नाम पर मोटी रकम अपने खातों में ट्रांसफर करवा लेते थे।
नवादा और नालंदा जिले के निवासी है गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नवादा और नालंदा जिले के निवासियों के रूप में हुई है। पकड़े गए ठगों में चकवाय बलवापर निवासी छोटू कुमार, आशीष रंजन कुमार, सुनील राउत, गुलशन कुमार, समित कुमार, धर्मेंद्र कुमार, यशराज पटेल और चंदन पटेल शामिल हैं। इनके साथ ही नालंदा के सैदपुर निवासी नवनीत कुमार और गोरबिगहा निवासी कुंदन कुमार को भी दबोचा गया है। पुलिस ने बताया कि गिरोह का एक अन्य सदस्य फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
वारिसलीगंज थाने में इस मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने इस सफल ऑपरेशन की सराहना करते हुए जिले के लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल या लोन के प्रलोभन वाले संदेशों पर भरोसा न करें। उन्होंने कहा कि पुलिस साइबर अपराधियों पर लगातार नजर रख रही है और ऐसे गिरोहों को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान जारी रहेगा।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट