पटना में 'पीएम मुद्रा लोन' के नाम पर बड़ा साइबर फ्रॉड : सोशल मीडिया के जरिए लोगों को ठगने वाले गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार

पटना की साइबर क्राइम पुलिस ने पीएम मुद्रा और अन्य सरकारी लोन योजनाओं के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह सोशल मीडिया के जरिए लोगों को अपना शिकार बनाता था...

साइबर फ्राड गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना की साइबर क्राइम पुलिस और CCSU की संयुक्त टीम ने "प्रधानमंत्री मुद्रा लोन" और अन्य सरकारी लोन योजनाओं के नाम पर देश भर में ठगी करने वाले एक बड़े संगठित साइबर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आकर्षक लोन के झूठे विज्ञापन पोस्ट करता था। जब विभिन्न राज्यों के भोले-भाले लोग इन विज्ञापनों को देखकर आवेदन करते थे, तो अपराधी मेटा (Meta) प्लेटफॉर्म के माध्यम से उनका व्यक्तिगत डेटा डाउनलोड कर लेते थे।


फर्जी अप्रूवल लेटर भेजकर वसूलते थे प्रोसेसिंग फीस

डेटा हासिल करने के बाद गिरोह के सदस्य लोन के इच्छुक लोगों से सीधे संपर्क स्थापित करते थे। पीड़ितों का विश्वास जीतने के लिए वे उन्हें बकायदा फर्जी 'लोन अप्रूवल लेटर' बनाकर भेजते थे। एक बार जब पीड़ित को लोन मिलने का भरोसा हो जाता, तो ये जालसाज जीएसटी (GST), अप्रूवल फीस, प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्कों के नाम पर क्यूआर कोड (QR Code) और यूपीआई (UPI) के माध्यम से अपने खातों में पैसे ट्रांसफर करवा कर ठगी को अंजाम देते थे।


छापेमारी में युवती सहित तीन शातिर गिरफ्तार

सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पटना साइबर थाना और CCSU, पटना की एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और इस संगठित गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों (दो पुरुष और एक महिला) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:

  1. अक्षय कुमार (उम्र 22 वर्ष): पिता- सुधीर कुमार, निवासी- जोगीपुर, पत्रकारनगर, पटना (स्थायी पता- वारिसलीगंज, नवादा)।
  2. शिवम कुमार (उम्र 22 वर्ष): पिता- अश्वनी कुमार, निवासी- जोगीपुर, पत्रकारनगर, पटना (स्थायी पता- टेकारी, गया)।
  3. रिमझिम कुमारी (उम्र 20 वर्ष): पिता- पिंकू चौधरी, निवासी- गली नंबर 10, पतिपुल दीघा, पटना। इसके अलावा इस कांड में दो अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।


भारी मात्रा में कैश, मोबाइल और एटीएम कार्ड बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और अवैध नकदी का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है। जब्त किए गए सामानों की सूची निम्नलिखित है:

  • नकद राशि (Cash): ₹6,08,650/-
  • मोबाइल फोन: 14
  • लैपटॉप: 01
  • टैब (Tab): 01
  • एटीएम कार्ड (ATM Cards): 15
  • सिम कार्ड (SIM Cards): 07
  • चेकबुक: 05
  • पासबुक: 04
  • नोटबुक: 03


पुलिस टीम की सफलता और कोर्ट में पेशी की तैयारी

इस पूरी सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में पटना साइबर थाना की पु०अ०नि० शबनम कुमारी, पु०अ०नि० निरमा बैठा, सिपाही/7772 चंदन कुमार और सिपाही/5960 रितिक कुमार सहित CCSU पटना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कांड दर्ज कर लिया है और उन्हें माननीय न्यायालय में उपस्थापन (पेशी) कराने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।


अनिल की रिपोर्ट