मोकामा में लूटकांड का हुआ त्वरित खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई पिकअप बरामद
5 फरवरी 2026 को मोकामा थाना क्षेत्र में हुए लूटकांड के एक मामले को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निष्पादित किया है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है
Mokama : पटना जिले के मोकामा थाना पुलिस ने लूट की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बाढ़-1 कार्यालय की ओर से शुक्रवार को दी गई। जानकारी के अनुसार 5 फरवरी 2026 को लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र के खुटहा गांव निवासी चंद्र कुमार अपनी पिकअप गाड़ी (नंबर BR53G 3492) से सरसों की खल्ली लोड कर बख्तियारपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे मोकामा स्थित शिवनार मंदिर के पास न्यू बाईपास जाने वाली सड़क पर कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और पिकअप वाहन लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित द्वारा मोकामा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर कांड संख्या 55/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोलदियार टोला वार्ड संख्या-13 निवासी हरेराम कुमार, सचिन कुमार तथा मोहित राम के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई पिकअप गाड़ी, सरसों की खल्ली, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी को भी बरामद कर लिया है। इसके अलावा आरोपियों के पास से अन्य मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
रविशंकर की रिपोर्ट